जो नुकसान पहुंचाएगा, उसे खत्म कर देंगे: ओबामा
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान कैलिफोर्निया हमले को आतंकवादी हमला करार दिया। इस दौरान उन्होंने इस्लामिक स्टेट समूह (आईएस) को खत्म करने की कसम खाई। उन्होंने आईएस के लड़ाकों को 'ठग और कातिल' की संज्ञा दी।
व्हाइट हाउस के ओवल कार्यालय से अपने संबोधन में ओबामा ने कहा, 'इस हमले में अत्याधुनिक हथियारों, कारतूसों और पाइप बमों का इस्तेमाल किया गया था। इसलिए यह एक आतंकी हमला है।'
पाकिस्तान मूल के एक दंपत्ति ने कुछ दिन पहले ही कैलिफोर्निया पर हमला किया था, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
कैलिफोर्निया पर दंपत्ति ने किया था हमला
ओबामा ने कहा कि इन हमलावरों का ब्रेन वॉश किया गया है और इन्हें अमेरिका और पश्चिम के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए उकसाया भी गया है। इसी वजह से इन लोगों ने अमेरिका पर हमला किया। उन्होंने कहा इस्लामिक स्टेट इस्लाम के नाम पर मुस्लिमों को ठगने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश को ऐसे हमलों से डरने की जरूरत नहीं है। अमेरिका ऐसे हमलों से अब और सख्ती से निपटेगा और देश की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
इसके अलावा ओबामा ने आईएस के खात्मे के लिए हवाई हमले और तेज करने की भी बात कही। हालांकि, ओबामा ने यह भी कहा कि वो इसके लिए सीरिया में सेना नहीं भेजेंगे। इसके अलावा उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कितनी तेजी से इन आतंकी संगठनों पर नकेल कसी जाए।