अमेरिका ने पाक से कहा- आतंक खत्म करो, वरना घर में घुसकर करेंगे सफाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकियों के सुरक्षित पनाहगाह बने पाकिस्तान को अमेरिका ने कड़ी नसीहत दी है। अमेरिका ने सख्त लहजे में कहा है कि अगर जरूरत पड़ी, तो वह अकेले पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का खात्मा और उनके नेटवर्क को तबाह करने में तनिक भी संकोच नहीं करेगा। अमेरिका ने यह भी कहा कि पाकिस्तान की शक्तिशाली खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) अपनी जमीं से संचालित होने वाले सभी आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आईएसआई आतंकी संगठनों का जमकर समर्थन कर रही है, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
आतंकवाद की फंडिंग की निगरानी मामले के कार्यवाहक अंडर सेक्रेटरी एडम जुबिन ने कहा, ‘दिक्कत यह है कि पाकिस्तान सरकार के सुरक्षा बल, खासकर आईएसआई देश में सक्रिय सभी आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने से इनकार करते हैं। कुछ आतंकी संगठनों को बर्दाश्त किया जा रहा है और पनाह दिया जा रहा है। हालांकि ये सभी आतंकी संगठन बेहद खूंखार और खतरनाक हैं।’
वाशिंगटन में एडम ने चेतावनी दी, ‘हम पाकिस्तान में अपने सभी भागीदारों से लगातार अपील करते हैं कि वे अपने देश से संचालित होने वाले सभी आतंकी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। हम उनकी मदद करने के लिए तैयार हैं। हम आतंकियों की फंडिंग रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान के साथ काम करने को प्रतिबद्ध हैं। हालांकि इस पर कतई संदेह नहीं होना चाहिए कि पाक में आतंकियों के नेटवर्क को तबाह करने के लिए अकेले कार्रवाई करने में किसी तरह का संकोच नहीं करेगा।’
अमेरिका का अहम भागीदार रहा है पाक
वाशिंगटन के पॉल एच नित्जे स्कूल ऑफ एडवांस इंटरनेशनल स्टडीज में एडम ने यह भी कहा कि कई मामले में आतंकवाद से निपटने में पाक अमेरिका का अहम भागीदार रहा है। उन्होंने कहा कि पाक खुद भी आतंकवाद से जूझ रहा है, लेकिन फिर भी वह सभी आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है।
हाल ही में पाकिस्तान के सेना स्कूल, मस्जिद और कई सार्वजनिक स्थलों पर आतंकी हमले देखने को मिले हैं। इसके बावजूद भी आईएसआई कुछ आतंकी संगठनों का समर्थन कर रही है, जिसको कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
पाकिस्तान सीमा पार आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए हक्कानी नेटवर्क के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर रहा है। यह आतंकी संगठन गृहयुद्ध की आग में झुलसे अफगानिस्तान में आतंकी वारदातों को अंजाम दे रहा है।