ट्रंप ने तेल कंपनी के सीईओ को चुना विदेशी मंत्री
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेश मंत्री के लिए रैक्स डब्ल्यू. टिलरसन का चयन करते हुए उन सभी लोगों को खारिज कर दिया जो मानते हैं कि टिलरसन के संबंध रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के साथ काफी घनिष्ठ हैं इसलिए उनका चयन जोखिम भरा है। वह एक्सन मोबिल तेल कंपनी के सीईओ हैं और दुनिया के करीब 50 देशों में एक बड़े कारोबारी के रूप में उनकी अच्छी पहचान है।
ट्रंप की ट्रांजिशन टीम के अधिकारियों ने टिलरसन के नाम की जानकारी दी। टिलरसन तेल के बड़े कारोबारी हैं और उनकी कंपनी ‘एक्सन मोबिल’ मास्को के साथ डीलिंग करती है। उनकी कंपनी तेल के ठेके लेकर रूस में अरबों डॉलर कमाती है, जो अमेरिका द्वारा रूस के खिलाफ लगे प्रतिबंध हटते ही और आगे बढ़ जाएगी। अमेरिकी सीनेटर जॉन मैक्केन ने यहां तक कहा कि टिलरसन के पुतिन के साथ संबंध अमेरिका के लिए चिंताजनक हैं।
उन्होंने कहा कि पुतिन एक ठग और हत्यारे हैं, और यदि कोई उन्हें इसके अलावा कुछ बता रहा है तो समझो वह सबसे बड़ा झूठ बोल रहा है, लेकिन ट्रंप ने टिलरसन का बचाव किया और कहा कि - ‘उन्होंने रूस के साथ मिलकर काम किया है वह भी अपने लिए नहीं कंपनी के लिए।’
ट्रंप ने टिलरसन के नाम पर दांव खेला है
हालांकि रूस के साथ नजदीकी संबंध होने के कारण भावी राष्ट्रपति के लिए रैक्स टिलरसन को विदेश मंत्री बनाने की सीनेट से अंतिम मंजूरी दिलाने में कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है, लेकिन ट्रंप ने सभी आपत्तियों को दरकिनार करते हुए टिलरसन के नाम पर दांव खेला है।
टिलरसन के नाम पर ट्रंप समर्थक रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं और विपक्षी डेमोक्रेट नेताओं ने चेतावनी दी थी कि टिलरसन के संबंध रूस के साथ वर्ष 2013 से काफी करीबी हैं इसलिए उनका चयन अमेरिका के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
रोमनी का ट्वीट - नहीं संभाल सकता विदेश मंत्री का पद
कुछ दिन पहले तक अमेरिका में नए विदेश मंत्री को लेकर मिट रोमनी, पेट्रियस, गिलियानी और क्रोकर के नामों की भी चर्चा चल रही थी जिनमें मिट रोमनी काफी ऊपर थे। लेकिन रोमनी ने कहा कि - ‘इस पद पर मेरे नाम का विचार किया जाना सम्मान की बात है और ट्रंप के साथ मेरी बातचीत मनोरंजक व ज्ञानवर्धक रही, लेकिन मैं यह पद नहीं संभाल सकता हूं।’
अपने नाम से खुद हैरान हुए रैक्स टिलरसन
ट्रंप ने जब एक ट्वीट करते हुए कहा कि - ‘टिलरसन एक बिजनेस एक्जेक्यूटिव से कहीं आगे हैं, मेरा मतलब है कि वह एक वर्ल्ड क्लास प्लेयर हैं’ तब खुद टिलरसन भी हैरान थे और उन्हें अपनी नई जिम्मेदारी पर भरोसा नहीं हो पा रहा था। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस बारे में विस्तार से समाचार प्रकाशित किया।
हालांकि ट्रंप का मानना है कि टिलरसन अमेरिका के लिए काफी बेहतर विदेश मंत्री साबित होंगे। 64 साल के टिलरसन एक बड़े कारोबारी हैं और उनका व्यवसाय करीब 50 देशों में फैला हुआ है। इस कारण उनके संबंध कई देशों के साथ बहुत अच्छे हैं।
मिट रोमनी और ट्रंप की मुलाकात पर कवायद
मिट रोमनी रिपब्लिकन पार्टी में रहते हुए डोनाल्ड ट्रंप के कड़े आलोचक माने जाते हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप को ‘फर्जी’ और ‘बड़बोला’ कहा था। मिट रोमनी रूस को भी हमेशा से अमेरिका का शत्रु मानते रहे हैं।
उन्होंने 2012 में कहा था कि रूस अपना भला करने के लिए अमेरिका को कभी भी दगा दे सकता है। इसलिए अमेरिका में कवायद है कि मैसाचुसेट्स के पूर्व गवर्नर मिट रोमनी के साथ ट्रंप की मुलाकात में संभवतया ट्रंप ने रूस के साथ करीबी संबंध बनाने की बात कही हो जो रोमनी को पसंद नहीं आई हो और अंतत: उन्होंने विदेश मंत्री बनने से इंकार कर दिया हो।