ट्रंप ने दी मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के प्रस्ताव पर अमेरिकी कस्टम और सीमा सुरक्षा विभाग ने कहा है कि उसकी योजना अप्रैल-मध्य तक इस दीवार के लिए ठेका आवंटन शुरू करने की है। इससे संकेत मिलते हैं कि ट्रंप 2000 मील लंबी यह दीवार बनाने के लिए आक्रामक योजना पर काम कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह आईएस को भी पूरी तरह खत्म करने की योजना पर काम कर रहे हैं।
विभागीय एजेंसी के मुताबिक वह छह मार्च के आसपास इसके लिए बोली लगाएगी जिस पर कंपनियों को 10 मार्च तक इसके डिजाइन व निर्माण प्रोटोटाइप के ‘कांसेप्ट दस्तावेज’ दाखिल करने होंगे। फेडरल ठेकेदारों के लिए फेडबिजओप्स डॉट जीओवी के अनुसार अंतिम रूप से चुने गए ठेकेदारों को 24 मार्च तक प्रस्तावित मूल्य के ऑफर जमा कराने होंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंजरवेटिव पॉलिटिकल एक्शन कांग्रेस (सीपीएसी) के दौरान कहा कि मैक्सिको दीवार का निर्माण बहुत जल्द शुरू होगा और अपने निर्धारित शेड्यूल से काफी पहले शुरू हो जाएगा।
सीपीएसी को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि वो हमेशा अमरीकी नागरिकों को प्राथमिकता देंगे और सीमा पर विशाल दीवार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बुरे लोगों को देश के बाहर करना भी उनकी प्राथमिकता होगी। मैरीलैंड में ट्रंप के भाषण के दौरान भीड़ यूएसए, यूएसए के नारे लगा रही थी। ट्रंप की इस टिप्पणी से ठीक एक दिन पहले अमरीकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन और आंतरिक सुरक्षा मंत्री जॉन केली ने मैक्सिको सिटी में मैक्सिकन अधिकारियों से मुलाकात भी की थी। हालांकि बैठक के बाद किसी भी नेता ने दीवार के बारे में कोई बयान नहीं दिया था।
दीवार निर्माण के लिए फंडिंग पर स्पष्टता नहीं
हालांकि, ट्रंप ने मैक्सिको दीवार के निर्माण पर 12 अरब डॉलर के खर्च का अनुमान जताया था, लेकिन अमेरिकी संसद कांग्रेस के रिपब्लिकन नेता इस पर 12 से 15 अरब डॉलर के खर्च का अनुमान जता रहे हैं।
ट्रंप कहते रहे हैं कि वो दीवार पर होना वाला खर्च मैक्सिको से वसूलेंगे, जबकि मैक्सिको ने ऐसी किसी भी मांग को नकार दिया है। अब दीवार बनाने के वास्ते राशि जारी करने के लिए ट्रंप को अमरीकी कांग्रेस की अनुमति लेना होगी, जिस पर फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता है कि कांग्रेस कब तक और कितनी फंडिंग जारी करेगी। यानी फिलहाल फंडिंग पर स्पष्टता नहीं है।