प्राइमरी चुनाव में ट्रंप और हिलेरी की बड़ी जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेट नेता हिलेरी क्लिंटन के लिए सुपर ट्यूजडे ‘मंगलकारी’ साबित हुआ है। कई राज्यों में हुए प्राइमरी के चुनाव में जीत दर्ज करने वाले इन दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों में काफी बढ़त बना ली है। इससे राष्ट्रपति चुनाव में दोनों नेताओं की उम्मीदवारी तकरीबन तय मानी जा रही है।
अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहे ट्रंप और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी दोनों ने सात राज्यों में जीत दर्ज की है। ट्रंप और हिलेरी ने तो छह राज्यों अलबामा, अरकंसास, जॉर्जिया, मेसाच्ययुसेट्स, टेनेसी और वर्जीनिया में साथ-साथ बाजी मारी है। जबकि सातवें राज्य के रूप में ट्रंप को वेरमोंट में और हिलेरी को टेक्सास में कामयाबी मिली है।
अगर हिलेरी जीततीं हैं तो वह अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी। डोनाल्ड ट्रंप ने जीत के बाद कहा कि प्राइमरी खत्म होने के बाद मेरी सीधी भिड़ंत हिलेरी से होगी। उन्होंने कहा कि यह एक आसान रेस होगी। सुपर ट्यूजडे अमेरिका में काफी अहम माना जाता है। इसके तहत 14 राज्यों में एक साथ वोटिंग होती है। सुपर ट्यूजडे में आगे आने का अर्थ होता है राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवारी के और भी करीब पहुंचना।
लेकिन नहीं मिली क्लीन स्वीप
हिलेरी ने अफ्रीकी-अमेरिकी अश्वेतों के बीच बड़ी जीत हासिल करते हुए वर्जीनिया पर फतह पाई है, जो 2008 में उन्होंने ओबामा के हाथों गंवा दी थी। राजनीतिक पंडितों ने ट्रंप और हिलेरी को सुपर ट्यूजडे में क्लीन स्वीप करने का अनुमान लगाया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रिपब्लिकन की तरफ से टेड क्रूज ने टेक्सास, ओकलाहोम और अलास्का में जीत दर्ज की, वहीं, मार्को रूबियो ने प्राइमरी की अपनी पहली जीत का स्वाद मिनिसोटा में चखा। डेमोक्रेट की तरफ बर्नी सैंडर्स ने चार राज्यों में जीत हासिल की।
उम्मीदवारी का आंकड़ा
रिपब्लिकन की ओर से उम्मीदवारी हासिल करने के लिए कम से कम 1237 प्रतिनिधियों का समर्थन चाहिए। जबकि डेमोक्रेट की तरफ से उम्मीदवारी के लिए 1839 प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल करना होगा। ट्रंप ने अब तक 251 प्रतिनिधियों का, जबकि हिलेरी को 837 प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल हो चुका है।