अमेरीका: एनएसए मुख्यालय के बाहर टकराई एसयूवी, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरीका के मैरीलैंड में नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (एनएसए) मुख्यालय के बाहर बुधवार को एक कार टकराने से तीन घायल हो गए। इस मामले में तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक एक काले रंग की एसयूवी बिना अनुमति के वहां पहुंची थी। इसके बाद वहां गोलियों की आवाज सुनाई दी। एफबीआई अधिकारियों के मुताबिक अभी तक इस घटना के तार चरमपंथ से जुड़ते नहीं दिख रहे हैं। एफबीआई के मुताबिक कार के ड्राइवर, एक आम व्यक्ति और एनएसए के एक पुलिस अधिकारी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायल ड्राइवर की स्थिति के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है जबकि बाकी दोनों घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं। वाहन में सवार अन्य दो पुरुषों को एनएसए ने हिरासत में ले लिया है.
जांच शुरू
एफबीआई के स्पेशल एजेंट गॉर्डन जॉनसन ने बताया कि ऐसा लगता है कि ये वाहन किराए पर लिया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एनएसए की ओर से जारी एक अन्य बयान में जानकारी दी गई कि स्थानीय समय अनुसार सुबह करीब सात बजे कैनाइन गेट चेकप्वाइंट पर "सुरक्षा से जुड़ी" एक घटना हुई। एनएसए के अधिकारियों के मुताबिक ऐसा नहीं लगता कि लोग गोलियां लगने से घायल हुए हैं। एफबीआई के बाल्टीमोर स्थित कार्यालय ने ट्विटर पर जानकारी दी है कि उसने मामले की जांच के लिए अधिकारियों को भेजा है। स्थानीय आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
व्हाइट हाउस का बयान
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी घटना के बारे में जानकारी दे दी गई है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लिंडसे वाल्टर्स ने कहा कि सभी प्रभावित लोगों के साथ हमारी प्रार्थनाएं हैं। मार्च 2015 में निर्देशों को अनसुना करते हुए एनएसए गेट तक वाहन लेने जाने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक अन्य घायल हो गया था। बाद में समाचार रिपोर्टों में जानकारी दी गई कि वाहन में सवार दोनों व्यक्ति संभवत: ड्रग्स के नशे में थे।