चीन में रहस्यमयी बीमारी की शिकायतों के बाद अमेरिका में होगी राजनयिकों की मेडिकल जांच
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह चीन में कार्य कर रहे अपने राजनयिकों के एक समूह को मेडिकल जांच के लिए वापस अमेरिका बुला रहा है। क्यूबा में कुछ अमेरिकी कर्मचारियों के रहस्यमयी बीमारी का शिकार होने की शिकायतों के बाद चीन में भी अमेरिकी राजनयिकों के साथ ध्वनि हमलों से रहस्यमयी बीमारी का मामला सामने आया है।
अमेरिका लौटेंगे चीन में ध्वनि हमलों का शिकार राजनयिक
दरअसल, चीन के गुआंगझो में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में कार्यरत कुछ अमेरिकी अधिकारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने असामान्य अवाज सुनने के बाद रहस्यमय दिमागी चोट की शिकायत की थी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने बताया कि पिछले माह पहला मामला सामने आने के बाद वहां भेजी गई अमेरिकी मेडिकल टीम की शुरुआती जांच के बाद विदेश मंत्रालय इस कथित हमले से प्रभावित लोगों को आगे की जांच के लिए अमेरिका बुला रहा है। प्रवक्ता ने कहा, मेडिकल प्रोफेशनल्स राजनयिकों को आई चोट का कारण पता लगाएंगे।
राजनयिकों को वापस बुलाने की यह प्रक्रिया बताती है कि यह हमला सिर्फ एक अमेरिकी अधिकारी तक सीमित नहीं रहा बल्कि इसका असर कई राजनयिकों पर पड़ रहा है। इससे पहले क्यूबा में 24 अमेरिकी राजनयिकों के ध्वनि हमले का शिकार होने के बाद उन्हें अमेरिका बुलाया गया था। इन अधिकारियों ने एक साथ सुनने में समस्या, चक्कर आना व दिखाई देने के संबंध में शिकायतें की थीं।
जांच में अमेरिकी राजनयिकों पर ध्वनि हमलों का कोई सुराग नहीं : चीन
चीन ने कहा है कि उसने गुआंगझो शहर में अमेरिकी राजनयिकों पर रहस्यमय ध्वनि हमलों के आरोपों की जांच की है, लेकिन उसे इस संबंध में कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के मुताबिक यहां दो और अमेरिकी राजनयिकों के साथ इसी तरह की शिकायतें आने के बाद उन्होंने जगह छोड़ दी है। अमेरिकी राजनयिक और उनकी पत्नी ने रहस्यमयी आवाजों के बाद सिरदर्द व नींद की शिकायतें की हैं।
इससे पहले 23 मई को अमेरिकी विदेश मंत्रालय से कुछ अधिकारियों के संबंध में ऐसी शिकायतें मिली थीं। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि हमें कोई ऐसा कारण या सुराग नहीं मिला है जो अमेरिका की बताई बातों को पुष्ट करता हो।