नवंबर में फ्रांस, अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे डोनाल्ड ट्रंप, आसियान सम्मेलन में नहीं लेंगे भाग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नवंबर में फ्रांस और अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे, वहीं सिंगापुर में होने वाले आसियान सम्मेलन का हिस्सा नहीं बनेंगे।
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को घोषणा की कि ट्रंप पेरिस में प्रथम विश्व युद्ध के विराम के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित 11 नवंबर के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उसके बाद वह ब्यूनस आयर्स रवाना होंगे और वहां जी-20 सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति सिंगापुर में दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संघ (आसियान) सम्मेलन तथा ईस्ट एशिया शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। वह पापुआ न्यू गिनी में होने वाली एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग की बैठकों में भी हिस्सा नहीं लेंगे।
सैंडर्स के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ने उप राष्ट्रपति माइक पेंस से इन सम्मेलनों में शामिल होने को कहा है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज से करीब 60 प्रतिशत अमेरिकी नाखुश
अमेरिका के करीब 60 प्रतिशत लोगों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज को नामंजूर कर दिया है और इनमें से करीब आधे लोगों ने महाभियोग का समर्थन किया है। शुक्रवार को प्रकाशित ‘वाशिंगटन पोस्ट-एबीसी न्यूज’ सर्वेक्षण के अनुसार केवल 30 प्रतिशत लोगों ने ही ट्रंप द्वारा व्हाइट हाउस में किए गए कामकाज को स्वीकारा है।
अप्रैल में किए गए आखिरी पोस्ट-एबीसी के सर्वेक्षण में ट्रंप के समर्थन में 40 प्रतिशत और उनके खिलाफ 56 प्रतिशत लोगों ने अपने विचार जाहिर किए थे। इस ताजा सर्वेक्षण में 1003 वयस्कों ने हिस्सा लिया, जो 26 अगस्त से 29 अगस्त के बीच किया गया।