जर्मन चांसलर के साथ हाथ मिलाने से ट्रंप का इनकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल की मुलाकात में दोनों नेताओं ने भले ही मतभेदों को भुलाकर बातचीत करने की कोशिश की हो, लेकिन उनकी पहली सार्वजनिक मौजूदगी में कुछ ऐसे लम्हे देखने को मिले जो बेहद फूहड़ थे। दरअसल व्हाइट हाउस के संवाददाता सम्मेलन में औपचारिक फोटो सेशन के दौरान ट्रंप ने न सिर्फ जर्मन चांसलर के साथ हाथ मिलाने से इनकार कर दिया बल्कि मर्केल के अनुरोध को अनसुना कर अपना मुंह दूसरी तरफ फेर लिया।
ट्रंप का यह व्यवहार ऐसे समय में दिखाई दिया जब व्हाइट हाउस में एंगेला मर्केल का उन्होंने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उस समय हाथ भी मिलाया था। इस व्यवहार से यह भी दिखाई दिया कि व्हाइट हाउस के ओवल कार्यालय में दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात में सब कुछ बहुत अच्छा नहीं हुआ। इस मुलाकात के बाद दोनों नेता संवाददाता सम्मेलन के दौरान होने वाले फोटो सेशन के लिए कुर्सियों पर बैठे थे। वहां मौजूद फोटोग्राफर्स परंपरा के मुताबिक बार-बार दोनों नेताओं को हाथ मिलाने के लिए कह रहे थे, लेकिन ट्रंप चुपचाप बैठे रहे। तभी एंगेला मर्केल ने आगे होकर ट्रंप से पूछा कि क्या वह हाथ मिलाना चाहेंगे। इस पर ट्रंप ने मर्केल को अनसुना करते हुए अपने हाथ घुटनों पर टिकाए रखे। उन्होंने मर्केल की तरफ देखा तक नहीं।
दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच बैठक के बाद ट्रंप के इस रवैये से ऐसा लगा जैसे दोनों के बीच होने वाली बातचीत सौहार्दपूर्ण नहीं रही। दोनों ने नाटो सैन्य गठबंधन और व्यापार समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। ट्रंप ने कहा कि नाटो सहयोगियों को रक्षा की अपनी उचित लागत का भुगतान करना चाहिए। हालांकि, ट्रंप ने सैन्य गठबंधन के लिए अपना पुरजोर समर्थन फिर से जाहिर किया। मर्केल के साथ इस उच्चस्तरीय वार्ता के बाद संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने एक बार फिर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर फोन टैपिंग को लेकर निशाना साधा। उन्होंने जर्मन चांसलर की मौजूदगी में मीडिया के सामने कहा कि शायद हमारे बीच कुछ समानता है। हालांकि ट्रंप जब फोन टैपिंग का जिक्र कर रह थे तब मर्केल चुपचाप ही रहीं।
हाथ मिलाने पर पहले भी चर्चा में रहे हैं ट्रंप
क्या था फोन टैपिंग विवाद
तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में खुफिया एजेंसियों ने जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल के फोन की निगरानी की थी। इसको लेकर अमेरिका को पूरी दुनिया में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था।
ट्रंप दूसरे समकक्षों के साथ हाथ मिलाने को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो अबे के साथ भी ट्रंप के हाथ मिलाने का अंदाज ट्विटर पर खासा ट्रेंड कर चुका है। ट्रुडो से हाथ मिलाते हुए दोनों नेताओं के बीच वर्चस्व की एक लड़ाई दिखाई दी थी, जबकि शिंजो अबे से ट्रंप ने इस कदर जोर से हाथ मिलाया कि अबे की हथेलियों पर निशाना पड़ गए थे।