ट्रंप ने दिए परमाणु हथियार कम करने के संकेत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के खिलाफ लगे प्रतिबंधों से छूट देने तथा परमाणु हथियारों में कमी लाने के लिए उसके साथ करार करने की बात की है। द टाइम्स को दिए साक्षात्कार में उन्होंने इसके संकेत दिए हैं।
ट्रंप ने कहा, रूस के खिलाफ कुछ प्रतिबंध लगे हैं। देखते हैं कि हम रूस के साथ कुछ अच्छे करार कर पाते हैं या नहीं। मुझे लगता है कि परमाणु हथियारों में कटौती की जानी चाहिए और यह भी उन्हीं का हिस्सा होगा।
रूस को इन प्रतिबंधों से काफी परेशानी हो रही है और मुझे लगता है कि कुछ ऐसा किया जा सकता है जिससे लाखों लोगों को फायदा हो। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप किन प्रतिबंधों को हटाना चाहते हैं।
अमेरिका ने रूस के खिलाफ लगाए हैं कई प्रतिबंध
बराक ओबामा के कार्यकाल में अमेरिका ने यूक्रेन में भागीदारी, सीरिया युद्ध में भूमिका तथा अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप को लेकर रूस के खिलाफ कई प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका के सहयोगी यूरोपीय देशों ने भी यूक्रेन को लेकर 2014 में रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाए थे जिन्हें पिछले साल 19 दिसंबर को नवीकृत किया गया था।
ट्रंप का यह साक्षात्कार ऐसे समय में प्रकाशित हुआ है जब सीआईए के सेवानिवृत्त हो रहे प्रमुख जॉन ब्रेनन ने ट्रंप को रूस की चुनौतियां नहीं समझ पाने के कारण आगाह किया था। उधर ट्रंप ने 11 जनवरी को अपने साक्षात्कार में कहा था, यदि पुतिन मुझे पसंद करते हैं तो यह बोझ न होकर संपत्ति की तरह होगा क्योंकि रूस के साथ हमारे बहुत भयावह संबंध रहे हैं।