अब टैक्सी की तरह ही बुक हो जाएगा प्राइवेट जेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्गेय पेट्रोसोव ने जब 2009 में पहली बार प्राइवेट जेट बुक कराने की कोशिश की तो वो, बिचौलियों और काग़ज़ों के जान में फंस गए। बिचौलियों को फ़ोन, दस्तावेज़ों को स्कैन और फ़ैक्स कराना इस तरह का अनुभव 80 के दशक में स्टॉक मार्केट में ख़रीददारी करने जैसा था। पेट्रोसोव बताते हैं, "मुझे आश्चर्य हुआ कि इस दौर में ये आख़िर क्या हो रहा है।
इसके लिए ज़रूर कोई बेहतर विकल्प होना चाहिए।" मार्च 2013 में पेट्रोसोव ने जेट स्मार्टर नाम से एक ऐप बनाया। जिसके ज़रिए कोई भी शख़्स दुनिया के किसी भी कोने में प्राइवेट जेट विमान को बुक कर सकता है।
दुनिया भर में प्राइवेट जेट विमानों का उद्योग लगातार बढ़ रहा है और यही वजह है कि अब इसके लिए ऐप भी विकसित हो रहे हैं। जेट स्मार्टर, विक्टर, प्राइवेट फ्लाइ और उबेर (टैक्सी सेवा वाला उबर नहीं) जैसे ऐप इस बाज़ार को भी नया आयाम दे रहे हैं। लोगों को कहीं ज़्यादा विकल्प मिल रहे हैं, रोट्स में पारदर्शिता, यात्रा की क़ीमत घट रही है और और तेज़ी से बुकिंग भी हो जाती है।
सस्ती हो रही बुकिंग
नतीजा ये हुआ है कि अब किराए पर जेट विमान लेना बेहद आसान हो गया है। ये ज़रूर है कि आर्थिक तौर पर ये अभी हर किसी के बस की बात नहीं है। लेकिन जेट की बुकिंग अपेक्षाकृत सस्ती भी हो चुकी हैं। अब पहले की तुलना में छोटे और सस्ते जहाज़ भी उपलब्ध हैं। उदाहरण के लिए जेट स्मार्टर को ही देखें।
कोई भी लॉस एंजिलिस से लास वेगास तक के लिए तीन सीटों वाला जहाज़ केवल 3800 डॉलर (करीब 2.50 लाख रुपये) में बुक कर सकता है। पूरे का पूरा जहाज़, तीन लोग मिलकर शेयर करेंगे तो एक का खर्च करीब 1,265 डॉलर ( करीब 83 हज़ार रुपये) होगा। इस यात्रा को अपनी पसंद के मुताबिक शेड्यूल कर सकते हैं। एयरपोर्ट का झंझट भी नहीं होगा।
हालांकि यह अभी भी महंगा है क्योंकि अमरीकी एयरलाइंस में इसके लिए एक तरफ़ के फर्स्ट क्लास टिकट की कीमत 615 डॉलर (करीब 39 हज़ार रुपये) होगी, लेकिन बीते ज़माने में हवाई जहाज़ बुक करने की तुलना में यह करीब 30 प्रतिशत सस्ता है।
हालांकि अलग अलग कंपनियों के बिज़नेस मॉडल अलग अलग हैं। लेकिन ज़्यादातर कंपनियां अमूमन एक जगह और दूसरी जगह के बीच कई विकल्प मुहैया कराती हैं। ठीक उसी तरह जिस तरह से उबर एक से दूसरे जगह तक टैक्सियां मुहैया कराती है।
कई विकल्प मौजूद
प्राइवेट फ़्लाई का मुख्यालय ब्रिटेन में हैं। इसके सीईओ एडम ट्विडेल पहले एक पायलट थे। उन्होंने ये देखा था कि उपभोक्ता जेट विमान की बुकिंग करके भी ख़ुश नहीं थे, वो भी तब जब वे ज़्यादा पैसे चुका रहे थे। उन्होंने 2008 में अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्राइवेट फ़्लाई की शुरुआत की। आज कंपनी 19 देशों में चार्टर विमान की उड़ान मुहैया कराती है।
इसकी सेवा यूरोप, चीन और अमरीका में उपलब्ध है। अगर आप प्राइवेट फ़्लाई पर किसी ख़ास रूट में विमान की पड़ताल करेंगे तो आपको सैकड़ों विकल्प मिलेंगे। ट्विडेल के मुताबिक प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और इसका असर कीमत पर भी हुआ है। वे कहते हैं, "यह दूसरी इंडस्ट्री में भी यही हो रहा है। यही प्राइवेट जेट सेक्टर में हो रहा है। ग्राहकों को अब कम कीमत पर बेहतर सुविधा मिल रही है।"
ट्विडेल ने जब पांच साल पहले अपनी कंपनी शुरू की थी, तब कई लोगों ने आशंका जताते हुए कहा था, "कोई भी प्राइवेट जेट ऑनलाइन बुक नहीं करेगा।" लेकिन बीते तीन साल से उनकी कंपनी हर साल 75 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है।
ब्रिटेन में ऐसी ही एक कंपनी है विक्टर। इसकी स्थापना 2011 में हुई। इसके सीईओ क्लाइव जैकसन कहते हैं कि बुकिंग हासिल करने के लिए लोगों का भरोसा जीतना जरूरी है और यह पारदर्शिता से ही संभव है। विक्टर ने अमरीका में अपनी सेवा शुरू करने के लिए बाज़ार से करीब आठ मिलियन डॉलर जुटाए हैं।
टैक्सी जैसी सेवा
एक बड़ी टेक कंपनी में काम करने वाले ज्यॉफ परफैक्ट अमूमन सप्ताह के अंत में जेट विमान से सफर करते हैं। विक्टर ऐप को देखकर वे खुशी से उछल पड़े थे। विक्टर ऐप अभी केवल आईओएस पर उपलब्ध है और बुकिंग ऑनलाइन की जा सकती है।
इन कंपनियों के आने से पहले प्राइवेट जेट बुक करने के तीन ही रास्ते थे। पहला तरीका तो यह था कि किसी बिचौलिया कंपनी से बुकिंग करनी होती थी। इसमें काफी वक्त लगता था। इसके अलावा दूसरा तरीका ये होता था कि आपके पास किसी एयरक्राफ्ट कंपनी में हिस्सेदारी हो। तब कंपनी आपको साल में कुछ समय हवाई जहाज़ में उड़ान भरने का मौका देती थी।
इसके अलावा तीसरा तरीका था कि आप प्रीपेड कार्ड के ज़रिए बुकिंग करें। इसमें आपको करीब 1.5 लाख डॉलर रुपये पहले देने होते थे फिर घंटे के हिसाब से इसमे पैसे कटते थे। जेट स्मार्टर, प्राइवेट फ़्लाई, विक्टर और उबेर जैसी कंपनियों का फ़ायदा यह है कि ये अपने उपभोक्ताओं को बहुत जल्दी और अमूमन सस्ती दरों पर सेवा मुहैया करा देती हैं।
शटल सेवा भी
उबेर का ऐप एक साथ कई जेट मालिकों के नेटवर्क को जोड़ता है। कंपनी उनके विमानों की उड़ान और रख रखाव का खर्च भी वहन करती है और मालिक को मुनाफ़ा भी देती है।
उबेर की सीईओ जस्टिन सुलिवान कहते हैं कि आठ सीटों वाले विमान के मालिक को कंपनी मासिक 20 हज़ार डॉलर का लाभ देती है। वैसे उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में प्राइवेट जेट से चलने वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी।
पेट्रोसोव के मुताबिक प्राइवेट जेट में सफर करने वाले लोगों की संख्या कुल यात्रियों के 0.1 प्रतिशत से बढ़कर 1 प्रतिशत होने वाली है और यह 2 प्रतिशत तक होने की उम्मीद की जा रही है।
जेट स्मार्टर ने न्यूयार्क और मियामी के बीच जेट विमान की शटल सेवा शुरू की है। सप्ताह के अंत में इस सेवा के ज़रिए आप न्यूयार्क से मियामी तक 1,845 डॉलर में पहुंचा जा सकता है। यानी आने वाले दिनों में प्राइवेट जेट बुकिंग काफी हद तक टैक्सियों की बुकिंग जैसी हो सकती है।