ईमेल मामला: अमेरिकी चुनाव से ठीक पहले हिलेरी को एफबीआई की क्लीन चिट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी विदेश मंत्री रहने के दौरान हिलेरी क्लिंटन के एक सहयोगी के लैपटॉप से मिले ईमेलों की समीक्षा के बाद एफबीआई ने घोटाले की जांच में श्रीमती क्लिंटन को क्लीन चिट दे दी है। इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। एफबीआई डायरेक्टर जेम्स बी. कोमे ने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को बताया कि ताजा ईमेल में हिलेरी के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। इस बीच कुछ सर्वेक्षणों में हिलेरी की जीत की संभावनाएं 65 फीसदी तक बढ़ा दी गई हैं। जबकि ईमेल मामले में क्लीन चिट संबंधी एफबीआई के फैसले की उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी आलोचना की है।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के ठीक पहले फेडरल खुफिया एजेंसी की इस घोषणा के बाद अमेरिका में डेमोक्रेट प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन की जीत पर छाए काले बादलों को छंटा हुआ माना जा रहा है। एफबीआई के निदेशक ने अमेरिकी कांग्रेस के नेताओं को एक पत्र में कहा कि ‘समीक्षा के आधार पर हमने उन निष्कर्षों में कोई बदलाव नहीं किया है, जो हमने हिलेरी के संबंध में जुलाई में व्यक्त किए गए थे।’ इससे पहले 28 अक्टूबर को कोमे ने कांग्रेस को एक पत्र भेजकर हिलेरी की निकट सहयोगी हुमा अबेदिन के लैपटॉप से हिलेरी की ईमेल संबंधी जांच को दुबारा खोलने का फैसला लिया था।
हुमा के पूर्व पति एंटनी वीनर ने ये ईमेल शेयर किए थे। कोमे ने कहा कि ‘मेरे 28 अक्तूबर के पत्र के बाद से एफबीआई जांच दल लैपटॉप से मिले ईमेलों की समीक्षा के लिए दिन रात काम कर करती रही। इस प्रक्रिया में हमने सभी ईमेल संवादों की समीक्षा की, जो हिलरी के विदेश मंत्री रहते हुए उन्हें किए गए थे या उन्होंने किए थे।’ एफबीआई के इस पत्र का हिलेरी की प्रचार मुहिम ने स्वागत किया है। हिलरी के प्रवक्ता ब्रायन फैलोन ने कहा कि ‘हमें पूरा भरोसा था कि जुलाई में लिए गए निर्णय को बदलने के लिए कोई तथ्य नहीं मिलेगा। अब निदेशक कोमे ने इस बात की पुष्टि कर दी है।’
हिलेरी दोषी हैं, ये बात वह खुद और एफबीआई भी जानती है: ट्रंप
एफबीआई द्वारा हिलेरी को क्लीन चिट मिलने के बाद उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव में धांधली वाली व्यवस्था के अपने बयान को एक बार फिर दोहराया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में 6,50,000 ईमेल पढ़ पाना ‘असंभव’ है। ट्रंप ने मिशीगन के डेट्रोएट में अपने समर्थकों से कहा की इस समय उन्हें एक धांधली वाली व्यवस्था के जरिए सुरक्षा दी जा रही है।
एफबीआई डायरेक्टर कोमे की टीम को ताजा ईमेल में हिलेरी के खिलाफ कोई प्रमाण नहीं मिलने की घोषणा के तुरंत बाद 70 वर्षीय कारोबारी ट्रंप का यह पहला बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ईमेल मामले में हिलेरी क्लिंटन दोषी है। वह खुद इस बात को जानती है और एफबीआई भी इस बात को जानती है। उधर, क्लीवलैंड में प्रचार कर रही हिलेरी ने इसका कोई जिक्र अपने संबोधन में नहीं किया। ट्ंप वर्जीनिया में एक सभा के दौरान अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखाई दिए।
हिलेरी के जीतने की संभावना 65 फीसदी : सर्वे
एक ताजा जनमत सर्वेक्षण में अमेरिकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक प्रत्याशी हिलरी क्लिंटन के चुनाव में जीत की 65 फीसदी संभावना जताते हुए कहा है कि आंकड़ों के खेल में पिछले दिनों हिलेरी के ग्राफ में आई गिरावट की उन्होंने भरपाई कर ली है।
फाइवथर्टीएट डॉट कॉम नामक वेबसाइट ने हिलेरी द्वारा ट्रंप पर 65.3 फीसदी की बढ़त बताई है। हालांकि अक्टूबर में ईमेल विवाद के सामने आने से पहले इस वेबसाइट ने हिलेरी की जीत की संभावनाएं 81 फीसदी बताई थीं, जो वर्तमान से काफी अधिक थी। व्हाइट हाउस तक पहुंचने के लिए राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को कम से कम 270 इलेक्टोरल मतों की जरूरत होती है। इनमें से हिलेरी के खाते में 291.9 तथा उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के खाते में 245.3 मत आएंगे।