हमारी पहुंच दूर तक है: ओबामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पत्रकार सोटलॉफ की हत्या के बाद कहा है कि अमेरिका के हाथ लंबे हैं और वह ऐसी बर्बर घटनाओं से डरने वाला नहीं है।
ओबामा ने कहा, "वो (आईएस) असफल हो गए हैं। अमेरिकी ऐसे बर्बरतापूर्ण कारनामों से घृणा करते हैं पर इससे डरने वाले नहीं हैं। ऐसी कार्रवाइयां देश के तौर पर हमें एकजुट करती हैं और हमें दृढ़संकल्प बनाती हैं।"
अमेरिकी पत्रकार स्टीवेन सोटलॉफ का सर कलम करने की घटना पर चेतावनी देते हुए ओबामा ने कहा, "जो अमरीकियों को क्षति पहुंचाने की गलती करते हैं, वो जान जाएंगे कि हम भूलते नहीं हैं। हमारी पहुंच बहुत दूर तक है और न्याय हो कर रहेगा।"
इससे पहले ओबामा ने कहा है कि चरमपंथी समूह इस्लामिक स्टेट को इराक़ में उस स्तर तक नष्ट करने में समय लगेगा जबकि वो इलाके के लिए खतरा न रह सकें।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी हवाई हमलों ने चरमपंथियों को कमज़ोर किया है लेकिन अगले चरण में हवाई और ज़मीनी हमले शामिल थे।
बगदाद में और सैनिक भेजेगा अमेरिका
इससे पहले अमेरिका ने इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी राजनयिकों की सुरक्षा के लिए 350 और अमेरिकी सैनिकों को तैनात करने की अनुमति दे दी।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के मुताबिक इसके साथ ही इराक़ में राजनयिकों की सुरक्षा में तैनात कुल अमेरिकी सैनिकों की संख्या आठ सौ से ज्यादा हो जाएगी।
ओबामा ने उम्मीद जताई है कि चरमपंथ जैसे कैंसर से निपटने के लिए अरब देश, मुसलमान और अंतरराष्ट्रीय समुदाय एक साथ आएंगे।
इस बीच अमेरिका ने पुष्टि की है कि पत्रकार स्टीवेन सोटलॉफ़ का गला काटकर हत्या करने वाला वीडियो वास्तविक है।
इस वीडियो में पत्रकार स्टीवेन सोटलॉफ को नारंगी रंग के जंपसूट में घुटनों के बल बैठे हुए दिखाया गया है। उनके बगल में इस्लामिक स्टेट का एक चरमपंथी हाथ में चाकू पकड़े खड़ा है।
इस बीच ब्रिटेन में प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने एक आपात बैठक की है जिसमें इसी वीडियो में एक ब्रितानी व्यक्ति को बंधक बनाने और उसे मारने के दावे पर चर्चा की गई।
वीडियो फुटेज में एक नक़ाबपोश जिहादी इस्लामिक स्टेट के खिलाफ़ लड़ने वाली विदेशी सरकारों को धमकी दे रहा है।