Tech Tips: फेस्टिव सेल में स्मार्ट टीवी खरीदने से पहले ये चीजें जरूर चेक कर लें, बाद में नहीं होगा पछतावा
आज सभी लोग अपने घर में स्मार्ट टीवी लगाना चाहते हैं, लेकिन टीवी खरीदते समय की गई आपकी थोड़ी-सी लापरवाही महंगी पड़ सकती है।

विस्तार
एक फेस्टिव सेल कुछ दिन पहले ही खत्म हुई है और अब दूसरी सेल की तैयारी चल रही है। फेस्टिव सेल में स्मार्टफोन के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा जिस गैजेट की खरीदारी होती है वह स्मार्ट टीवी है। आज सभी लोग अपने घर में स्मार्ट टीवी लगाना चाहते हैं, लेकिन टीवी खरीदते समय की गई आपकी थोड़ी-सी लापरवाही महंगी पड़ सकती है। टीवी से संबंधित खास शब्द और टेक्निकल टर्म भी होते हैं जो शॉपिंग को थोड़ा जटिल बना देते हैं। आज की इस रिपोर्ट में हम आपको कुछ बातों को बताएंगे जिनका ध्यान आपको टीवी खरीदते वक्त रखना चाहिए।
बड़ी डिस्प्ले वाला टीवी का मजा तो अलग ही है लेकिन हमेशा नहीं। टीवी का साइज आपके कमरे के साइज पर निर्भर करता है, जिसमें आप उस टीवी को रखने की योजना बना रहे हैं। इसलिए पहले यह चुनिए कि आप टीवी बेडरूम या लिविंग रूम में से किसमें रखेंगे और कितनी दूरी से देखना चाहेंगे। उदाहरण के लिए अगर टीवी देखने की दूरी 4 से 6 फीट है तो आप 32 इंच का टीवी चुनिए। अगर आप टीवी 5 से 8 फीट की दूरी से देखेंगे तो आपके लिए 40 से 42 इंच का टीवी लेना ज्यादा अच्छा रहेगा। अगर आपके कमरे में टीवी देखने की दूरी 10 से 12 फीट है तो आप 46 से 49 इंच पैनल या इससे ज्यादा साइज का टीवी चुन सकते हैं।
यह पूरी तरह से सच है कि जितना ज्यादा आप खर्च करेंगे, टीवी में फीचर्स भी उतने ही ज्यादा मिलेंगे। अब टीवी की कीमतें भी आपके ब्रांड के पसंद और फीचर्स पर भी निर्भर करती हैं। यदि आपका बजट अधिक है तो आप ज्यादा बड़ी स्क्रीन, साइज, अधिक ब्राइटनेस, बेहतर स्पेक्ट्रम, शानदार साउंड और कई अन्य बेहतरीन फीचर्स से लैस टीवी खरीद सकते हैं, लेकिन पिछले दो सालों में भारतीय बाजार में टीवी कीमतें स्मार्टफोन की कीमत के करीब हो गई हैं।