PAN Card Scam: पैन कार्ड स्कैम से सतर्क रहना है जरूरी, वरना खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट!
पैन कार्ड के जरिए स्कैमर्स लोगों को आर्थिक तौर पर चूना लगा रहे हैं। ऐसे में पैन कार्ड स्कैम से किस तरह से बचा जा सकता है। साथ ही किस तरह से स्कैम होता है, चलिए इस खबर में जानते हैं पूरी डिटेल।

विस्तार
देश में पैन कार्ड एक अहम दस्तावेज हैं। किसी भी करदाता के लिए पैन कार्ड बनवाना अनिवार्य है, ऐसे में जितना यह दस्तावेज महत्वपूर्ण है, उतना ही इसे सुरक्षित रखना भी जरूरी है। इस दस्तावेज में यूजर की जन्म तिथि समेत और भी संवेदनशील जानकारी होती है। ऐसे में पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल वित्तीय हानि करा सकता है। पैन कार्ड को किसी भी फ्रॉड से बचाना बेहद जरूरी है। दरअसल, इन दिनों पैन कार्ड फ्रॉड का खतरा बढ़ गया है। आगे जानिए इस फ्रॉड से किस तरह बचा जा सकता है।
साइबर अपराधी पैन कार्ड की जानकारी चुराकर उसका अनुचित इस्तेमाल करते हैं। साथ ही इस अहम दस्तावेज के जरिए लोगों के साथ आर्थिक ठगी भी की जा सकती है। इतना ही नहीं, बल्कि अपराधी लोगों की पहचान भी चुरा लेते हैं और अपराध करने के बाद किसी और नाम वाले इंसान को फंसा देते हैं। ऐसे में इस पैन कार्ड स्कैम से सावधान रहना बेहद जरूरी है।
पैन कार्ड की जानकारी चुराकर बैंक में अकाउंट खोला जा सकता है और लोन लिया जा सकता है। इसके साथ ही फिशिंग अटैक के जरिए यूजर को आर्थिक तौर पर चूना लगाया जा सकता है। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड की डिटेल भी हासिल की जा सकती है। अपराधी इस स्कैम में किसी बड़ी हस्ती को भी फंसा सकता है।
- सबसे पहले क्रेडिट ब्यूरो वेबसाइट पर जाएं और क्रेडिट स्कोर चेक करें।
- इसके बाद अपनी वित्तीय जानकारी दर्ज करें और अपने फोन पर ओटीपी प्राप्त करें।
- ऐसा करने के बाद जो क्रेडिट स्कोर आएगा, उससे पता चल जाएगा कि पैन कार्ड का किसी तरह से गलत इस्तेमाल हुआ है नहीं।