आज शाम चार बजे से होगी रेल टिकट की बुकिंग, एप और वेबसाइट से ऐसे करें बुकिंग

करीब दो महीने के लॉकडाउन के बाद सरकार ने यात्री ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है। आज यानी 11 मई 2020 को शाम चार बजे इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और रेल कनेक्ट एप से 15 ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू होगी और कल यानी 12 मई से ट्रेनें चलेंगी। बुकिंग सिर्फ ऑनलाइन ही होगी, सभी बुकिंग काउंटर बंद रहेंगे।
ये 15 ट्रेनें नई दिल्ली से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी तक जाएंगी। इनमें वापसी यात्रा भी शामिल होगी। इन ट्रेनों में केवल एसी कोच होंगे और इसका किराया राजधानी ट्रेनों के समान होगा। आइए जानते हैं ऑनलाइन टिकट बुकिंग और पेमेंट के सभी तरीके...
ऑनलाइन रेलवे टिकट के लिए रजिस्ट्रेशन है जरूरी

आप में से अधिकतर लोगों को ऑनलाइन रेलवे टिकट बुकिंग के बारे में जानकारी होगी, लेकिन कई लोग ऐसे भी होंगे जिन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं होगी। रेलवे टिकट की ऑनलाइन बुकिंग के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि आपके पास IRCTC का अकाउंट होना चाहिए। यदि आपके पास IRCTC का अकाउंट नहीं है तो सबसे पहले इस लिंक पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करें।
रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड के मुताबिक पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्म तारीख जैसी जानकारियां आपसे मांगी जाएंगी। रजिस्ट्रेशन हो जाने के बाद आप उसी आईडी से IRCTC की वेबसाइट और रेल कनेक्ट (IRCTC Rail Connect) एप में लॉगिन करके टिकट की बुकिंग कर सकेंगे। यदि आप पासवर्ड भूल गए हैं तो ओटीपी के जरिए भी लॉगिन कर सकते हैं। पासवर्ड बॉक्स के ठीक नीचे आपको ओटीपी लॉगिन का भी विकल्प मिलेगा।
IRCTC की वेबसाइट से कैसे करें बुकिंग

सबसे पहले IRCTC की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करें। इसके बाद ट्रेन सर्च करें। बता दें 12 मई से चलने वाली ट्रेनें सभी जगह नहीं रूकेंगी। ऐसे में आपको ध्यान से अपने गंतव्य स्टेशन का चयन करना होगा। स्टेशन के चयन के बाद जिस ट्रेन से आपको यात्रा करनी है उस ट्रेन के नाम के आगे दिख रहे क्लास (स्लीपर, 1एसी, 2एसी, 2एसी) पर क्लिक करें और फिर बुक नाउ पर क्लिक करें।
इसके बाद यात्री का नाम, उम्र, मोबाइल नंबर डालें और कैप्चा कोड डालें। इसके बाद आपको पेमेंट करना होगा। पेमेंट के लिए आपको डेबिट/क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई जैसे कई विकल्प मिलेंगे। पेमेंट के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर पीएनआर नंबर आ जाएगा।
IRCTC Rail Connect एप से कैसे करें बुकिंग

यदि आपके फोन में आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट एप है तो ठीक नहीं है, नहीं तो यहां क्लिक करके एप को डाउनलोड करें। एप में आपको एक पासवर्ड अलग से डालना होगा जो एप को ओपन करते समय हर बार आपको इस्तेमाल करना होगा। एप का पासवर्ड चार अंकों का होगा। अब एप में दाहिनी और ऊपर की ओर दिख रहे Login बटन पर क्लिक करें और आईआरसीटीसी के आईडी पासवर्ड से लॉगिन करें।
अबPlan my journeyपर क्लिक करें और स्टेशन का नाम डालकर ट्रेन सर्च करें। इसके बाद ट्रेन के नाम के आगे दिख रहे क्लास (स्लीपर, 1एसी, 2एसी, 2एसी) पर क्लिक करें और फिर बुक नाउ पर क्लिक करें। इसके बाद यात्री का नाम, उम्र, मोबाइल नंबर डालें और कैप्चा कोड डालें। इसके बाद आपको पेमेंट करना होगा। पेमेंट के लिए आपको डेबिट/क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई जैसे कई विकल्प मिलेंगे। बुक हुए टिकट की जानकारीMy Bookingsसेक्शन में मिल जाएगी।