Xbox में 3,200 कर्मचारियों की छंटनी: CEO ने कहा- कंपनी की हालत अच्छी नहीं, बदलना होगा काम करने का तरीका
Xbox Layoffs 2026:
माइक्रोसॉफ्ट की एआई रणनीति का सबसे बड़ा असर अब Xbox पर दिख रहा है। अगले एक साल में 3,200 कर्मचारियों की छंटनी होगी, कई गेमिंग स्टूडियो बंद या बेचे जाएंगे और पूरी कंपनी के कामकाज का ढांचा बदलेगा। सीईओ आशा शर्मा ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में बताया कि आखिर Xbox को इतने बड़े बदलाव की जरूरत क्यों पड़ गई।

विस्तार
Microsoft के गेमिंग कारोबार Xbox में बड़े पैमाने पर छंटनी की घोषणा की गई है। कंपनी अगले एक साल के दौरान करीब 3,200 कर्मचारियों, यानी अपनी कुल वर्कफोर्स के लगभग 20 फीसदी, को नौकरी से बाहर करेगी। यह कदम Microsoft की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर केंद्रित नई रणनीति के तहत उठाया जा रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर Xbox डिवीजन पर पड़ेगा।
कर्मचारियों को भेजे गए एक संदेश में Xbox की CEO आशा शर्मा ने साफ कहा कि कंपनी की मौजूदा कारोबारी स्थिति मजबूत नहीं है। उनके मुताबिक, यह फैसला कर्मचारियों की मेहनत या प्रतिभा पर सवाल नहीं है, बल्कि कारोबार को फिर से पटरी पर लाने के लिए जरूरी कदम है।पहले दिन 1,600 कर्मचारियों की होगी विदाईआशा शर्मा ने अपने ईमेल में बताया कि सोमवार को 1,600 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा, जबकि बाकी कर्मचारियों की छंटनी वित्त वर्ष 2027 (FY27) तक चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
इसके साथ ही Xbox अपने चार गेमिंग स्टूडियो से अलग होगा, जबकि एक अन्य स्टूडियो को भी छोड़ने की तैयारी चल रही है।खस्ताहाल मार्जिन और भारी नुकसान
- शर्मा ने अपने पत्र में वास्तविकता को बिना किसी लाग-लपेट के सामने रखते हुए लिखा, "आज हमारा व्यवसाय स्वस्थ नहीं है। हम ऐसे मार्जिन पर काम कर रहे हैं जो हमारे प्रतिस्पर्धी प्लेटफॉर्म और पब्लिशिंग व्यवसायों की तुलना में 3 से 10 गुना तक कम है।"
- इस छंटनी का खाका पेश करते हुए उन्होंने बताया कि सोमवार को 1,600 कर्मचारियों की विदाई की जाएगी, जबकि शेष कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2027 (FY27) तक कार्यमुक्त किया जाएगा। बात सिर्फ नौकरियों तक सीमित नहीं है; Xbox अपने चार गेमिंग स्टूडियोज की हिस्सेदारी भी बेचने जा रहा है और एक अन्य स्टूडियो के साथ अपने रास्ते पूरी तरह अलग कर रहा है।
- हालांकि, CEO ने यह स्पष्ट किया कि यह छंटनी किसी भी तरह से कर्मचारियों की "प्रतिभा और लगन" पर सवाल नहीं उठाती। उन्होंने स्वीकार किया कि गेमिंग उद्योग इस वक्त अपने सबसे "गंभीर हार्डवेयर संकट" से गुजर रहा है, और निवेश किए गए हर एक डॉलर पर कंपनी को 64 सेंट्स का भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
लालफीताशाही खत्म करने की कवायद
- शर्मा के मुताबिक, कंपनी के कुछ हिस्सों में मैनेजमेंट की 14 परतें बन चुकी थीं, जिसकी वजह से फैसले लेने की रफ्तार बेहद धीमी हो गई थी। अब इसे घटाकर अधिकतम पांच, और जहां तक संभव हो तीन लेयर्स तक सीमित किया जाएगा, ताकि एक समतल और तेज संगठन बनाया जा सके। खर्चों को काबू में करने के लिए कंपनी अपने वेंडर खर्च में भी सीधे 50 प्रतिशत की कटौती करने जा रही है।
- रणनीतिक मोर्चे पर, Xbox अब स्वतंत्र क्रिएटर्स को ओपन डेवलपमेंट टूल्स और ऑडियंस मुहैया कराकर उन्हें सफल बनाने पर जोर देगा। इसके साथ ही, कंपनी के सबसे लोकप्रिय स्टूडियोज, 'Mojang' और 'King' अब सीधे CEO को रिपोर्ट करेंगे। शर्मा ने बताया कि मंथली एक्टिव प्लेयर्स (MAP) के मामले में ये उनके सबसे बड़े स्टूडियो हैं और गेमिंग की दुनिया में भौगोलिक व जनसांख्यिकीय रूप से कंपनी को एक अलग पहचान दिलाते हैं।
हेलेन चियांग बनीं नई COO
इस ऐतिहासिक रीस्ट्रक्चरिंग के बीच, Xbox ने अपने नेतृत्व में भी एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी की दिग्गज अधिकारी हेलेन चियांग को प्रमोट करके चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया गया है।
यह Xbox के इतिहास में पहली बार है जब किसी अधिकारी को कंटेंट, हार्डवेयर, प्लेटफॉर्म और सर्विसेज की पूरी P&L (प्रॉफिट एंड लॉस) की 'एंड-टू-एंड' जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेलेन सीधे CEO आशा शर्मा को रिपोर्ट करेंगी। शर्मा ने विश्वास जताया कि हेलेन कंपनी के ऑपरेशन्स को एक मॉडल के तहत लाएंगी, जिससे निवेश के फैसले स्पष्ट होंगे और कंपनी अपनी सफलताओं और विफलताओं से सीखकर जवाबदेही तय कर सकेगी।
- WhatsApp Username Row: जवाब देने के लिए मेटा को मिली मोहलत, फिलहाल भारत में सुविधा नहीं; कंपनी और क्या बोली?
- Safety Tips: स्मार्ट प्लग में पावर स्ट्रिप लगाना खतरनाक? बढ़ सकता है आग का खतरा, जानें सुरक्षित तरीका
- Gaming Scam: 1.36 करोड़ रुपये गंवा बैठा युवक, ऐसे बिछाते हैं स्कैमर करोड़ों की ठगी का जाल; जानें कैसे बचें आप
- AC VS Dehumidifier: भीषण गर्मी व उमस को जल्दी कौन करता है कंट्रोल? जानें दोनों में अंतर और काम करने का तरीका