X Outage: दुनियाभर में एक्स हुआ डाउन; एप और साइट दोनों में समस्या, महीनेभर में दूसरी बार ठप हुई सर्विस
X Outage: भारत समेत दुनियाभर में एक बार फिर एक्स की सर्विस डाउन हो गई है। ये महीनेभर के दूसरी बार है जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के यूजर्स को आउटेज का सामना करना पड़ा है।

विस्तार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्स एक्स (X) की सर्विस सोमवार शाम 7 बजे दुनियाभर में अचानक ठप पड़ गई। डाउन डिटेक्टर के मुताबिक, भारत, यूएस, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग एक्स के डाउन होने की जानकारी दे रहे हैं। भारत में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई समेत कई शहरों से 3,500 से ज्यादा यूजर्स ने एक्स यूज करने में परेशानी की शिकायतें की हैं।
यूजर्स को यह समस्या वेबसाइट और एप दोनों में आ रही है। डाउन डिटेक्टर के अनुसार, लगभग 49% लोगों ने वेबसाइट में दिक्कत की जानकारी दी है। वहीं, 41% यूजर्स ने एप में समस्या की बात कही है। 10% यूजर्स ऐसे हैं जिन्हें फीड या टाइमलाइन लोड करने परेशानी हो रही है।
5 फरवरी को भी डाउन था एक्स
आपको बता दें कि इससे पहले 5 फरवरी को भी X शाम 4 बजे अचानक डाउन हो गया था। बता दें कि 5 फरवरी की सुबह, इंस्टाग्राम भी कुछ देर के लिए दुनियाभर में डाउन रहा। इस आउटेज का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर देखा गया जो कंप्यूटर या ब्राउजर के जरिए इंस्टाग्राम चलाने की कोशिश कर रहे थे।
2025 में कई बार ठप पड़े बड़े प्लेटफॉर्म्स
साल 2025 इंटरनेट और क्लाउड सेवाओं के लिए काफी उथल-पुथल भरा रहा। इस दौरान कई बड़े सोशल मीडिया और टेक प्लेटफॉर्म बार-बार आउटेज का शिकार हुए।
20 अक्तूबर को Amazon Web Services में आई बड़ी खराबी को साल का सबसे बड़ा आउटेज माना गया, जिससे नेटफ्लिक्स, स्नैपचैट और कई ई-कॉमर्स साइट्स करीब 15 घंटे तक प्रभावित रहीं।
18 नवंबर को Cloudflare की गड़बड़ी ने हजारों वेबसाइटों और एप्स को ठप कर दिया, यहां तक कि ChatGPT, परप्लेक्सिटी और X भी प्रभावित हुए।
गेमिंग क्षेत्र में 7 फरवरी को Sony का प्लेस्टेशन नेटवर्क 24 घंटे से ज्यादा समय तक बंद रहा। 12 जून को Google Cloud की समस्या से स्पॉटिफाई, डिस्कॉर्ड और ट्विच जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। वहीं Microsoft Azure को 9 और 29 अक्तूबर को दो बड़े आउटेज झेलने पड़े, जिससे दुनियाभर में एयरलाइंस और कारोबारी सेवाएं बाधित हुईं।
10 मार्च को X पर बड़ा आउटेज दर्ज हुआ, जिसकी भारत में 6 लाख से अधिक शिकायतें आईं। 15 अक्तूबर को YouTube भी वैश्विक स्तर पर ठप रहा। इसके अलावा स्नैपचैट, व्हाट्सएप, स्लैक और स्पॉटिफाई जैसी सेवाएं भी सालभर तकनीकी समस्याओं से जूझती रहीं।
इलॉन मस्क ने 2022 में संभाली X की कमान
27 अक्टूबर 2022 को दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपतियों में से एक एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मTwitterको 44 अरब डॉलर में खरीद लिया था, जिसे बाद इसका नाम बदलकर X (एक्स) रख दिया गया। भारतीय मुद्रा में यह सौदा आज के मूल्य के हिसाब से लगभग 3.84 लाख करोड़ रुपये के बराबर बैठता है।
डील पूरी होते ही मस्क ने बड़ा कदम उठाते हुए कंपनी के चार शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। इनमें तत्कालीन सीईओ पराग अग्रवाल, वित्त प्रमुख नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव विजया गड्डे और सीन एडगेट शामिल थे।
इसके बाद 5 जून 2023 को लिंडा याकारिनो ने एक्स के नए सीईओ के रूप में पदभार संभाला। इससे पहले वह NBCUniversal में ग्लोबल एडवर्टाइजिंग एंड पार्टनरशिप की चेयरमैन रह चुकी थीं।
- चंद्रबाबू नायडू से मिले बिल गेट्स: आंध्र प्रदेश के डिजिटल मॉडल को बताया 'शानदार', कई मुद्दों पर की चर्चा
- AI Impact Summit 2026: क्या है वेन्यू, कैसे करें रजिस्ट्रेशन, देनी पड़ेगी एंट्री फीस? जानिए सभी सवालों के जवाब
- ‘AI तय करेगा आने वाला दौर’: AI इम्पैक्ट समिट 2026 को एनडीए के नेताओं ने बताया ऐतिहासिक पहल
- AI Impact Summit 2026: मेहमानों के लिए शुरू हुई खास UPI सर्विस, बिना बैंक खाते-फोन नंबर के होगा पेमेंट