World Password Day: हैक होने के बाद भी सिर्फ 55% लोग ही पासवर्ड बदलने को हैं तैयार

आज विश्व पासवर्ड दिवस है। इसकी शुरुआत इंटेल सिक्योरिटी ने 2013 में की थी। हर साल 3 मई को विश्व पासवर्ड दिवस लोगों के बीच पासवर्ड को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए मनाया जाता है, लेकिन क्या आपको पता है कि दुनियाभर के लोग अपने पासवर्ड को लेकर कितने गंभीर हैं? आइए जानते हैं।
आए दिन पासवर्ड हैकिंग की खबरें आती हैं और फिर सिक्योरिटी एजेंसियां सुरक्षा के लिए टिप्स देती हैं लेकिन अभी हाल ही में हुए एक सर्वे की मानें तो यूजर्स अपने पासवर्ड के प्रति उतने गंभीर नहीं हैं जितना होना चाहिए। पासवर्ड मैनेजमेंट वेबसाइट LastPass के मुताबिक पूरी दुनियाभर में हर रोज करीब 5 मिलियन पासवर्ड चोरी की घटनाएं होती हैं। इनमें से कुछ ही लोग ऐसे होते हैं जो तुरंत अपना पासवर्ड बदलते हैं।
लास्टपास के हालिया सर्वे में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के 2,000 लोगों को शामिल किया गया था। इस सर्वे में 35 से 54 साल के लोगों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 80 फीसदी लोगों ने कहा कि वे ऑनलाइन दुुनिया में करीब 20 पासवर्ड का इस्तेमाल करते हैं, इसके लिए उनके पास 20 अकाउंट्स भी हैं।
सर्वे में शामिल 90% से ज्यादा लोगों ने बताया कि कई अकाउंट्स के लिए 1 ही पासवर्ड यूज करना खतरे से खाली नहीं है, वहीं 59 प्रतिशत लोगों ने कहा कि अलग-अलग अकाउंट्स के लिए वे एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा 50 फीसदी लोगों ने माना कि उनके ऑफिस और पर्सनल पासवर्ड एक ही समान हैं।
सर्वे में जो आखिरी बात सामने आई वह हैरान करने वाली है। सर्वे में शामिल केवल 55 फीसदी लोगों ने कहा कि अगर उन्हें पता चलता है कि उनका अकाउंट हैक हो गया है तो वे पासवर्ड बदल लेंगे। सर्वे में हिस्सा लेने वाले 51 प्रतिशत लोगों ने कहा कि हैकर्स उनके अकाउंट्स को हैक नहीं कर सकते।