अलर्ट: ठगी का नया तरीका, बिना ऑर्डर किए ही आ रहे डिलीवरी के मैसेज, मांगे जा रहे पैसे
मैसेज के साथ एक लिंक भी शेयर किया जा रहा है। लिंक पर क्लिक करके कंफर्म करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसी बहाने यूजर्स से उनकी निजी जानकारी ली जा रही है। इस दौरान लोगों से कुछ भुगतान करने के लिए भी कहा जा रहा है।

विस्तार
कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से ही ऑनलाइन डिलीवरी की मांग बढ़ गई है। तमाम कंपनियों लोगों की सुरक्षा के लिए होम डिलीवरी की सुविधा भी दे रही हैं। इसी बीच कुछ ठग भी सक्रिय हो गई हैं जो ऑनलाइन डिलीवरी के नाम पर लोगों को चूना लगा रहे हैं। अब ये ठग लोगों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेज रहे हैं। इन ठगों के जाल में भोले-भोले लोग फंस जा रहे हैं, लेकिन हम आपको इस तरह के मैसेज से दूर रहने की सलाह देंगे।
सिक्योरिटी लैब Kaspersky ने इस स्कैम को लेकर एक अलर्ट भी जारी किया है। अलर्ट में कहा गया है कि ये हैकर्स लोगों को नामी कंपनियों के नाम से डिलीवरी मैसेज कर रहे हैं जिनमें दावा किया जा रहा है कि आपके किसी प्रोडक्ट की डिलीवरी होने वाली है। मैसेज के साथ एक लिंक भी शेयर किया जा रहा है। लिंक पर क्लिक करके कंफर्म करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसी बहाने यूजर्स से उनकी निजी जानकारी ली जा रही है। इस दौरान लोगों से कुछ भुगतान करने के लिए भी कहा जा रहा है।
दरअसल ये ठगों की एक नई चाल है। ये लोग ऐसे लोगों को भी डिलीवरी के लिए मैसेज भेज रहे हैं जिन्होंने कोई ऑर्डर ही नहीं किया है। सिक्योरिटी लैब ने कहा है कि मैसेज के साथ मिलने वाले लिंक पर क्लिक करने पर एक फर्जी वेबसाइट खुलती है जहां लोगों से बैंक डिटेल के साथ मोबाइल, नंबर ई-मेल और एड्रेस तक की जानकारी मांगी जाती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जब भी आप अमेजन या फ्लिपकार्ट से कोई ऑर्डर करते हैं तो खरीदारी के समय या फिर डिलीवरी के दौरान ही पेमेंट करना होता है। ऑर्डर डिलीवरी से पहले कंपनियां मैसेज भेजकर पेमेंट के लिए नहीं कहती हैं और ना ही कोई जानकारी मांगती हैं। ऐसे में आपके लिए यही बेहतर होगा कि इस तरह के किसी मैसेज के झांसे में ना आएं