RILAGM 24: क्या है जियो ब्रेन और कैसे करेगा काम, क्या है जियो क्लाउड वेलकम ऑफर, विस्तार से जानें
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो ब्रेन, कनेक्टेड इंटेलिजेंस, विश्व स्तरीय इंफ्रा के साथ आएगा। कंपनी “एआई एवरीवेयर फॉर एवरीवन” की थीम पर इसे लॉन्च करेगी। आइए समझते हैं कि आखिर क्या है जियो ब्रेन?

विस्तार
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 47वीं वार्षिक आम बैठक में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने जियो ब्रेन (JioBrain) की घोषणा की है जो कि कंपनी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्विस होगी। मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो ब्रेन, कनेक्टेड इंटेलिजेंस, विश्व स्तरीय इंफ्रा के साथ आएगा। कंपनी “एआई एवरीवेयर फॉर एवरीवन” की थीम पर इसे लॉन्च करेगी। आइए समझते हैं कि आखिर क्या है जियो ब्रेन?
क्या है जियो ब्रेन और कैसे करेगा काम?

जियो ब्रेन एक ऐसी छत है जिसकी नीचे तमाम तरह के एआई टूल डेवलप होंगे। जियो पूरे एआई को कवर करने वाले उपकरणों और प्लेटफार्मों का एक व्यापक सूट विकसित कर रहा है जिसे ‘जियो ब्रेन’ कहा जाएगा। जियो के सभी एआई टूल जियो ब्रेन के तहत ही डेवलप होंगे जिनमें एआई टीचर, एआई डॉक्टर, एआई फार्मर आदि शामिल हैं। जियो के एआई टूल का इस्तेमाल सभी तरह की डिवाइस पर इस्तेमाल किया जा सकेगा, क्योंकि यह पूरी तरह से क्लाउड आधारित होगा।
जियो ब्रेन पर बोलते हुए अंबानी ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि रिलायंस के भीतर जियो ब्रेन को बेहतर बनाकर, हम एक शक्तिशाली एआई सेवा प्लेटफॉर्म बनाएंगे। हम जामनगर में गीगावाट-स्केल एआई-तैयार डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रहे हैं, जो पूरी तरह से रिलायंस की हरित ऊर्जा से संचालित होगा। हमारा लक्ष्य यहीं भारत में दुनिया की सबसे किफायती एआई इंफरेंसिंग बनाना है। इससे भारत में एआई एप्लिकेशन ज्यादा किफायती हो जाएंगे और यह सभी के लिए सुलभ हो जाएगा।”
इस मौके पर अंबानी ने जियो एआई-क्लाउड और एआई क्लाउड वेलकम ऑफर की घोषणा की। जियो क्लाउड भी अन्य क्लाउड की तरह ही है जहां आप अपनी फाइल को डिजिटली स्टोर कर सकते हैं। वेलकम ऑफर के तहत इसमें सभी डिजिटल सामग्री और डाटा को सुरक्षित रूप से रखने और एक्सेस करने के लिए 100 जीबी तक का मुफ्त क्लाउड स्टोरेज दिया जाएगा।
जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कई नई एआई सेवाओं की घोषणा की। इसमें जियो टीवीओएस, HelloJio, Jio Home IoT सॉल्यूशन, JioHome एप और Jio Phonecall AI शामिल हैं। जियो एआई क्लाउड की पेड सर्विस दिवाली में शुरू होगी जिसकी कीमत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
- RILAGM 24: रिलायंस ने लॉन्च किए JioAI और JioBrain, जियो एआई करेगा किसी भी कॉल को रिकॉर्ड
- Good News: बड़े फीचर पर काम कर रहा है गूगल, एंड्रॉयड यूजर्स एक क्लिक में एडिट कर सकेंगे वीडियो
- Hotshot: तो क्या OpenAI की बादशाहत खत्म कर देगा यह नया एआई टूल, फ्री में बनाता है गजब के वीडियोज
- YouTube ने भारतीय यूजर्स को दिया बड़ा झटका