स्काइप, वॉट्सऐप और वाइबर के जरिए कॉलिंग की सुविधा जल्द

विस्तार
आप जल्दी ही लोकप्रिय ऐप्स स्काइप, वॉट्सऐप और वाइबर के जरिए किसी भी लैंडलाइन फोन और मोबाइल फोन पर कॉल कर सकेंगे। मौजूदा समय में ऐप टू ऐप कॉलिंग के सुविधा उपलब्ध है।
सरकार के एक अंतर-मंत्रालयी पैनल ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और टेलीकॉम ऑपरेटरों के बीच इंटर-कनेक्ट समझौतों के लिए मंजूरी दे दी है।
इसके जरिए यूजर्स बेहद कम खर्च पर लैंडलाइन या मोबाइल फोन पर कॉल कर सकेंगे। यह कॉल सेवा इंटरनेट डेटा के जरिए उपलब्ध होगी।
हालांकि देश के कई हिस्सों में ब्रॉडबैंड सेवाओं के साथ एक सामान्य अड़चन धीमा इंटरनेट एक झटका हो सकता है। इंटरनेट नेटवर्क की खराब गुणवत्ता के कारण इस पर असर पड़ सकता है।
भारत में इंटरनेट की हालत सबसे खराब

एशिया प्रशांत क्षेत्र में इंटरनेट स्पीड के मामले में भारत सबसे पीछे है। कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क अकामई टेक्नोलॉजीस द्वारा जारी 2015 की चौथी तिमाही स्टेट ऑफ द इंटरनेट रिपोर्ट के मुताबिक एशिया प्रशांत क्षेत्र में भारत की सबसे कम औसत कनेक्शन स्पीड 2.8 एमबीपीएस है, जबकि फिलीपींस की स्पीड 3.2 एमबीपीएस है।
यह रिपोर्ट अकामई के इंटेलीजेंट प्लेटफॉर्म द्वारा इंटनेट कनेक्शन स्पीड, ब्रॉडबैंड एडोप्शन रेट, मोबाइल कनेक्टीविटी और अटैक ट्रैफिक जैसे मानकों पर जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत की औसत इंटरनेट स्पीड 36 फीसदी बढ़ी है। इंटरनेट स्पीड के मामले में भारत की दुनिया में रैंक 114 है।
दुनिया के साथ ही एशिया प्रशांत क्षेत्र में सबसे तेज औसत कनेक्शन स्पीड 26.7 एमबीपीएस के साथ साउथ कोरिया सूची में पहले स्थान पर है। 17.4 एमबीपीएस के साथ जापान दूसरे और हांगकांग 16.8 एमबीपीएस के साथ तीसरे स्थान पर है। टॉप-5 की सूची में में सिंगापुर और ताइवान भी शामिल हैं।