वोडाफोन ने लॉन्च किए दो प्लान, रोज 3GB डाटा के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग

जियो के रोज 1.5 अतिरिक्त डाटा देने के लिए ऐलान के बाद कई टेलीकॉम कंपनियों ने अपने प्लान पेश किए हैं। एयरटेल के बाद अब वोडाफोन ने भी 2 नए प्लान बाजार में उतारे हैं। इनमें से एक प्लान में रोज 2 जीबी और दूसरे में रोज 3 जीबी डाटा मिलेगा। वोडाफोन के इन दोनों नए प्लान की कीमत क्रमशः 511 रुपये और 569 रुपये है।
सबसे पहले 511 रुपये वाले प्लान की बात करें तो इस प्लान में रोज 2 जीबी डाटा के सात रोज 100 मैसेज, रोमिंग में फ्री कॉलिंग और सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग मिलेगी। इस प्लान की वैधता 84 दिनों की है।
इसके अलावा 569 रुपये वाले प्लान के फायदे की बात करें तो इसकी भी वैधता 84 दिनों की होगी और इसमें रोज 3 जीबी डाटा के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और रोज 100 लोकल-एसटीडी मैसेज मिलेंगे। इस तरह इस प्लान में कुल 252 जीबी डाटा मिलेगा यानी 1 जीबी डाटा की कीमत 2.26 रुपये होगी।
बता दें कि एयरटेल के 349 रुपये वाले प्लान में भी अब रोज 3 जीबी डाटा मिल रहा है। साथ में सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग और रोज 100 मैसेज भी मिलेंगे। इस प्लान की वैधता 28 दिनों की है। इसके अलावा एयरटेल के 558 रुपये वाले प्लान में 82 दिनों की वैधता के साथ रोज 3 जीबी डाटा मिलेगा।