जियो के रोज 5GB वाले प्लान की टक्कर में वोडाफोन ने पेश किए ये दो प्लान

वैसे तो टेलीकॉम सेक्टर में एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की होड़ पहले भी थी लेकिन जियो के आने के बाद यह होड़ काफी तेज हो गई। आए दिन हर रोज कंपनियां एक-दूसरे के प्लान की टक्कर में अनलिमिटेड कॉलिंग और डाटा वाले प्लान बाजार में उतार रही हैं। इसी बीच वोडाफोन ने जियो के रोज 5 जीबी डाटा वाले प्लान की टक्कर में 2 नए प्लान पेश किए हैं जिनमें एक प्लान में रोज 3.5 जीबी और दूसरे में 4.5 जीबी डाटा मिलता है। तो आइए जानते हैं इन प्लान के बारे में।
वोडाफोन ने लॉन्च किए 549 और 799 रुपये के प्लान

दरअसल वोडाफोन ने 549 रुपये और 799 रुपये के दो प्लान पेश किए हैं जिनमें 549 रुपये वाले प्लान में 28 दिनों तक रोज 3.5 जीबी डाटा और अनलिमिटेड कॉलिंग मिलेगी। साथ ही रोमिंग में भी अनलिमिटेड कॉलिंग कर सकेंगे। वहीं 799 रुपये वाले प्लान में कंपनी रोज 4.5 जीबी डाटा दे रही है। इस प्लान की भी वैधता 28 दिनों की होगी।
आपको याद दिला दें कि जियो के 509 रुपये वाले प्लान में 28 दिनों की वैधता के साथ रोज 4 जीबी और 799 रुपये वाले प्लान में 28 दिनों की वैधता के साथ रोज 5 जीबी डाटा मिलेगा। ऐसे में जियो के प्लान वोडाफोन के प्लान्स पर भारी पड़ रहे हैं।