अब ट्राई की वेबसाइट पर ही देख सकेंगे सभी प्लान, दे सकेंगे प्लान के बारे में अपनी राय

टेक डेस्क, अमर उजाला
Tue, 17 Apr 2018 09:50 AM IST
Trai launched tariff portal for consumers for better transparency, Here users can see all the plans
TRAI Tariff

    दूरसंचार कंपनियों के अच्छे और सस्ते टैरिफ प्लान के लिए अब आपको इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। प्री-पेड हो या पोस्ट पेड, लैंडलाइन हो या ब्रॉडबैंड उपभोक्ता बस एक क्लिक में यह जान सकेंगे कि कौन सा प्लान सबसे बेहतर है।

    दूरसंचार नियामक ट्राई ने उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए सोमवार को अपनी वेबसाइट www.trai.gov.in पर सभी कंपनियों के प्लान दर्शाने की शुरुआत कर दी। इसके जरिये उपभोक्ता आसानी से सभी कंपनियों के प्लान की तुलना कर सकते हैं। दिल्ली सर्कल में उपभोक्ता अब प्री-पेड व पोस्ट पेड मोबाइल, ब्रॉडबैंड के मासिक किराए की तुलना कर सकते हैं। सभी 22 सर्कल में इस सेवा की शुरुआत एक माह में हो जाएगी। फिलहाल अन्य सर्कल के डाटा पर परीक्षण का काम चल रहा है।

    ट्राई के चेयरमैन आरए शर्मा का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नियामक सभी कदम उठा रहा है। यह ऐसी व्यवस्था है, जिसके जरिये उपभोक्ता आसानी से जान सकेंगे कि कौन सी कंपनी किस दर पर प्लान दे रही है। उपभोक्ता वेबसाइट के जरिये अच्छा और सस्ता प्लान आसानी से चुन सकेंगे। यही नहीं, उपभोक्ता किसी प्लान के बारे में अपनी राय भी दे सकेगा।

    दूरसंचार क्षेत्र की विशेषज्ञ पल्लवी के मुताबिक, ट्राई के इस कदम का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। हालांकि सभी सर्कल में यह सुविधा शुरू होने के बाद ही इसकी सफलता का पता चलेगा। गौरतलब है कि दूरसंचार कंपनियां हर साल ट्राई को 22,000 से 25,000 टैरिफ प्लान सौंपती हैं।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें