अप्रैल में टेलीकॉम कंपनियों ने खोए 82 लाख ग्राहक, 38 करोड़ पहुंची जियो के ग्राहकों की संख्या

मुकेश अंबानी की दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने घरेलू मोबाइल फोन सेवा बाजार में अपनी जड़ें और मजबूत करते हुए अप्रैल माह में करीब 16 लाख नए उपभोक्ता जोड़ें, जबकि प्रतिद्वंदी कंपनियां भारती एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया को इसी दौरान करीब एक करोड ग्राहक गंवाने पड़े हैं।
ऐसे में जियो एकमात्र कंपनी रही जिसके ग्राहक बढ़े। बीएसएनएल के भी माह में 20 हजार ग्राहक कम हुए हैं। दूरसंचार क्षेत्र की नियामक संस्था भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के शुक्रवार को जारी नवीनतम आंकड़ों के अप्रैल में मोबाइल सेवा के 82 लाख 31 हजार 591 ग्राहक घटे।
अप्रैल में जियो 15 लाख 75 हजार 333 ग्राहक जोड़कर 38 करोड़ 90 लाख 92 हजार 136 उपभोक्ताओं और 33.85 बाजार हिस्से के साथ पहले नंबर पर बनी है। भारती एयरटेल ने अप्रैल में सर्वाधिक 52 लाख 69 हजार 882 ग्राहक खोए और कुल 32 करोड़ 25 लाख 43 हजार 99 उपभोक्ताओं यानी 28.06 फीसदी शेयर के साथ दूसरे नंबर पर रही।
तीसरे नंबर की वोडाफोन आइडिया को अप्रैल में भी तगड़ा झटका लगा। उसके 45 लाख 16 हजार 866 ग्राहक टूटे और 31 करोड 46 लाख 51 हजार 748 उपभोक्ता और 27.07 फीसदी बाजार हिस्सा रह गया। कंपनी को मार्च में इससे भी तगड़ा झटका लगा था और उसके 63 लाख 53 हजार 200 ग्राहक कम हुए।
बीएसएनएल 10.43 प्रतिशत बाजार शेयर अर्थात 11 करोड़ 97 लाख 60 हजार 55 ग्राहकों के साथ चौथे नंबर पर रही। बीएसएनएल के साथ मार्च में कुल 95428 ग्राहक जुड़े थे जबकि अप्रैल में उसने भी बीस हजार 53 ग्राहक खोए।