मोबाइल डाटा में अव्वल लेकिन स्पीड में 109वें पायदान पर भारत

टेक डेस्क, अमर उजाला
Mon, 26 Mar 2018 04:50 PM IST
विज्ञापन
South India higher than rest of India in fixed broadband speeds: Ookla Report
internet speed test

    मोबाइल डाटा के उपभोक्ता के रूप में भारत भले ही दुनिया में अव्वल हो लेकिन मोबाइल इंटरनेट डाउनलोड के स्पीड के मामले में इसका स्थान 109वें पायदान पर है। इसका खुलासा ओकला स्पीडटेस्ट इन्डेक्स में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार बीते साल नवंबर में मोबाइल पर डाउनलोड स्पीड 8.80 एमबीपीएस थी जो बीते फरवरी में बढ़कर 9.01 एमबीपीएस हो गई। इस स्पीड के साथ भारत का स्थान 109वां है।

    नार्वे 62.07 एमबीपीएस के औसत स्पीड के साथ दुनिया के शीर्ष स्थान पर काबिज है। यह रिपोर्ट वैसे समय आई है जब भारत में मोबाइल डाटा कनेक्शन की संख्या एक अरब के पार जा चुकी है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अमिताभ कांत ने दिसंबर में कहा था कि भारत में मोबाइल डाटा की खपत दुनिया भर में सबसे अधिक है। यह आंकड़ा अमेरिका और चीन के संयुक्त आंकड़े से भी अधिक बैठता है। रिपोर्ट के अनुसार, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के मामले में भारत की रैकिंग बीते साल के 76 से सुधरकर 67 हो गई है।

    विज्ञापन

    रिपोर्ट के अनुसार फरवरी में ब्राडबैंड डाउनलोड स्पीड बढ़कर 20.72 एमबीपीएस हो गई। नवंबर 2017 में यह स्पीड 18.82 एमबीपीएस थी। ब्राडबैंड डाउनलोड स्पीड के मामले में सिंगापुर 161.53 एमबीपीएस के साथ शीर्ष स्थान पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते साल भारत में फिक्स्ड ब्राडबैंड डाउनलोड स्पीड में सर्वाधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊकला की रिपोर्ट दुनिया भर के देशों में लोगों के इस्तेमाल के आधार पर तैयार होती है। डाटा मासिक आधार पर एकत्रित किए जाते हैं। ओकला ने अपने बयान में कहा है कि भारत में स्पीडटेस्ट के 439 सर्वर लगाए गए हैं।

    विज्ञापन
    विज्ञापन
    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें