खतरे में घर के स्मार्ट डिवाइस: टीवी, फ्रिज और कैमरे हैकर्स के निशाने पर, इंटरनेट वाले उपकरणों से घुसपैठ संभव
- इंटरनेट से जुड़े स्मार्ट डिवाइस अब साइबर अपराधियों के लिए आसान रास्ता बनते जा रहे हैं।
- स्मार्ट टीवी, वैक्यूम क्लीनर और राउटर जैसे घरेलू उपकरण भी हैकर्स की पहुंच में आसानी से आ सकते हैं।
- फ्रांस समेत यूरोप के अलग-अलग देशों में सुपरमार्केट्स के फ्रिज हैक करने की घटनाओं ने घर के स्मार्ट डिवाइसेज की सेफ्टी पर भी सवाल खड़ा कर दिया है।

विस्तार
इंटरनेट से जुड़े स्मार्ट डिवाइस हमारी जिंदगी को आसान बना रहे हैं। घरों में स्मार्ट टीवी, वाई-फाई राउटर, रोबोट वैक्यूम और स्मार्ट फ्रिज जैसे गैजेट आम होते जा रहे हैं। लेकिन इन डिवाइस की एक बड़ी कमजोरी भी सामने आ रही है। अगर इनकी सुरक्षा में चूक हो, तो साइबर अपराधी दूर बैठकर इन्हें अपने नियंत्रण में ले सकते हैं। इसका असर सिर्फ निजी डेटा या ऑनलाइन गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दुकानों, कारोबार और जरूरी सेवाओं को भी नुकसान पहुंच सकता है।
हाल ही में फ्रांस में हुए एक साइबर हमले ने इस खतरे को सामने ला दिया। हमलावरों ने देश की करीब 700 दुकानों के फ्रिज और फ्रीजर का तापमान बढ़ाकर लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया। इससे खाद्य सामग्री खराब होने का खतरा पैदा हो गया। बताया गया कि यह हमला 11 और 12 अक्टूबर को हुआ था। इसके बाद 2 नवंबर को यूरोप के कई देशों में खाद्य कारोबार और सुपरमार्केट से जुड़े सिस्टम पर हमले की दूसरी लहर सामने आई।
फ्रिज और फ्रीजर को कैसे बनाया गया निशाना?
- रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने इंटरनेट से जुड़े ऐसे कंट्रोलर की तलाश की, जिनकी सुरक्षा कमजोर थी और जिन्हें सीधे इंटरनेट के जरिए एक्सेस किया जा सकता था। इसके लिए उन्होंने शोडान जैसे सर्च इंजन का इस्तेमाल किया। शोडान इंटरनेट से जुड़े डिवाइस और सर्वर की जानकारी खोजने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल सुरक्षा विशेषज्ञ भी करते हैं, लेकिन गलत हाथों में यह हमलावरों के लिए कमजोर सिस्टम खोजने का जरिया बन सकता है।
- हमलावरों ने कथित तौर पर कमजोर या पहले से तय पासवर्ड और इंटरनेट पर खुले कंट्रोलर का फायदा उठाया। इसके बाद फ्रिज और फ्रीजर के डिफ्रॉस्ट फंक्शन से छेड़छाड़ की गई। इस तरह तापमान बढ़ने लगा और दुकानों में रखे सामान के खराब होने का खतरा पैदा हो गया।
- फ्रांस ने पहले हमले के लिए शाहिद कावेह नाम के व्यक्ति को जिम्मेदार बताया। फ्रांसीसी अधिकारियों के मुताबिक, वह ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़ी साइबर यूनिट से संबंधित था। फ्रांस ने इसे अपनी जमीन पर हुआ पहला बड़े स्तर का साइबर हमला बताया। हालांकि, नवंबर में सामने आए हमलों के पीछे किसका हाथ था, इसकी जिम्मेदारी अभी स्पष्ट नहीं है।
स्मार्ट टीवी और रोबोट वैक्यूम भी सुरक्षित नहीं
- चिंता की बात ये है कि साइबर हमले का खतरा केवल बड़े कारोबारी सिस्टम तक सीमित नहीं है। घरों में इस्तेमाल होने वाले डिवाइस भी हैकर्स के निशाने पर आ सकते हैं। हमेशा इंटरनेट से कनेक्ट रहने वाले ये डिवाइस साइबर अपराधियों की नजर में आसानी से आ जाते हैं।
- अमेरिकी अखबार 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के अनुसार, एआई की मदद से हैकर्स इन उपकरणों की सुरक्षा कमजोरियों को बेहद तेज रफ्तार से ढूंढकर बड़े साइबर हमलों को अंजाम दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जब कोई स्मार्ट डिवाइस घर के वाई-फाई से जुड़ता है, तो वह हैकर्स के लिए एक संभावित 'एंट्री पॉइंट' बन जाता है।
- एक बार किसी स्मार्ट डिवाइस को हैक करने के बाद, अपराधी उसी नेटवर्क से जुड़े फोन, लैपटॉप और संवेदनशील डेटा तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
1. वाई-फाई राउटर:
घर का राउटर इंटरनेट से जुड़े सभी डिवाइस को नेटवर्क देता है। अगर हैकर इसका नियंत्रण हासिल कर ले, तो वह इसकी डीएनएस सेटिंग में बदलाव कर सकता है। इससे यूजर के सही वेबसाइट का पता लिखने पर भी उसे किसी नकली वेबसाइट पर भेजा जा सकता है। ऐसी वेबसाइट पर लॉगइन करने से पासवर्ड और दूसरी निजी जानकारी चोरी हो सकती है।
2. स्मार्ट टीवी:
कुछ स्मार्ट टीवी और उनमें इस्तेमाल होने वाले एप की सुरक्षा कमजोर हो सकती है। ऐसी स्थिति में हमलावर डिवाइस या उसके नेटवर्क का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ मामलों में किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपके इंटरनेट कनेक्शन के आईपी एड्रेस का इस्तेमाल करना भी संभव हो सकता है। इससे साइबर गतिविधियों का पता लगाना मुश्किल हो सकता है कि वे किसने की हैं।
3. रोबोट वैक्यूम क्लीनर
: इन डिवाइस में कैमरा, माइक्रोफोन और घर का नक्शा बनाने वाले सेंसर हो सकते हैं। इनका इस्तेमाल सफाई के लिए होता है, लेकिन सुरक्षा में चूक होने पर निजी जानकारी बाहर जा सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक प्रोग्रामर ने सुरक्षा खामी का फायदा उठाकर करीब 7,000 डीजीआई रोमो रोबोट वैक्यूम तक पहुंच बना ली थी। इस मामले में कैमरे, ऑडियो और घर के फ्लोर प्लान जैसी जानकारी तक पहुंच का खतरा सामने आया।
साइबर हमले अब बिजली और पानी जैसी सेवाओं तक पहुंच रहे
- इंटरनेट से जुड़े डिवाइस पर हमले का असर कई बार आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ सकता है। अमेरिका के मिनेसोटा में जुलाई में हुए साइबर हमले के दौरान 30 से ज्यादा सामुदायिक जल प्रणालियां प्रभावित हुई थीं। इस हमले के पीछे ईरान समर्थित हैकरों के होने का संदेह जताया गया था।
- ब्रिटेन में एक छोटे बिजली संयंत्र को भी साइबर हमले के बाद चार दिनों तक ऑफलाइन करना पड़ा था। इसे ब्रिटेन के ऊर्जा ढांचे पर अपनी तरह का पहला सफल हमला बताया गया। वहीं, दक्षिण कोरिया में सितंबर के अंत और अक्टूबर की शुरुआत में वित्तीय कंपनियों से जुड़ी साइबर घटनाओं में करीब 68,000 लोगों का डेटा चोरी होने की जानकारी सामने आई।
- इन घटनाओं से पता चलता है कि साइबर अपराधी अब सिर्फ लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट या बैंकिंग जानकारी को निशाना नहीं बना रहे। वे ऐसे सिस्टम तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका इस्तेमाल रोजमर्रा की जरूरी सेवाओं में होता है।
साइबर हमलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी
यूरोपियन रिपॉजिटरी ऑफ साइबर इंसिडेंट्स (EuRepoC) के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2000 से नवंबर 2026 के बीच राजनीतिक रूप से अहम 4,932 बड़े साइबर हमले दर्ज किए गए। साल 2024 में इनकी संख्या सबसे ज्यादा 795 रही। आंकड़ों के अनुसार, 2022 के बाद ऐसे करीब दो-तिहाई मामले सामने आए।
इन हमलों में सरकारी संस्थान सबसे ज्यादा निशाने पर रहे। कुल घटनाओं में करीब 40 प्रतिशत हमले सरकारी संस्थानों से जुड़े थे। इसके बाद जरूरी सेवाओं और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे से जुड़े सिस्टम साइबर अपराधियों के निशाने पर रहे।
स्मार्ट डिवाइस को साइबर हमले से कैसे बचाएं?
- डिफॉल्ट पासवर्ड बदलें: राउटर, कैमरा और दूसरे स्मार्ट डिवाइस के साथ मिलने वाले शुरुआती पासवर्ड का इस्तेमाल न करें। हर डिवाइस के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड रखें।
- सॉफ्टवेयर अपडेट करते रहें: डिवाइस बनाने वाली कंपनी की ओर से जारी अपडेट इंस्टॉल करें। इनमें कई बार सुरक्षा से जुड़ी खामियों को ठीक किया जाता है।
- जरूरी न होने वाले फीचर बंद रखें: अगर किसी डिवाइस में रिमोट एक्सेस, कैमरा या माइक्रोफोन की सुविधा इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो उसे बंद रखें।
- टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाएं: जहां यह सुविधा उपलब्ध हो, वहां पासवर्ड के साथ दूसरी सुरक्षा परत भी चालू करें।
- अनजान लिंक और एप से बचें: संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और स्मार्ट डिवाइस के लिए केवल भरोसेमंद स्रोत से एप डाउनलोड करें।
- जरूरी सामान का बैकअप रखें: साइबर हमले या किसी दूसरी आपात स्थिति में परेशानी कम करने के लिए घर में पानी, खाने-पीने की चीजें, जरूरी दवाएं, नकदी और टॉर्च जैसी चीजें रखें। ब्रिटेन के 'बी रेडी' अभियान में भी कम से कम तीन दिन की जरूरी आपूर्ति रखने की सलाह दी गई है।
- हुवावे मेट एक्स8: 8.15 इंच की बड़ी डिस्प्ले के साथ आएगा नया फोल्डेबल फोन, मिल सकता है 16GB रैम
- सैमसंग गैलेक्सी ए18 लॉन्च: 50MP ट्रिपल कैमरा और Helio G99+ प्रोसेसर से लैस, छह जनरेशन के OS अपडेट मिलेंगे
- माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: क्या ठप सेवाओं के बदले मुआवजा देगी कंपनी? कैसे वापस ले सकते हैं पैसे, जानिए क्या है तरीका
- जीटीए 6: लॉन्च के दिन यूट्यूब पर होगा 24 घंटे का लाइवस्ट्रीम, हिंदी समेत 7 भाषाओं में देख सकेंगे