Samsung Wallet: गैलेक्सी यूजर्स के लिए सैमसंग ने लॉन्च किया नया एप, मिलेंगी इतनी सारी सुविधाएं
Samsung Wallet को गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स पेश किया गया है। गैलेक्सी यूजर्स इस वॉलेट की मदद से अपने फास्टैग अकाउंट को रिचार्ज और चेक कर सकते हैं।

विस्तार
सैमसंग ने अपने गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स के लिए नए सैमसंग वॉलेट (Samsung Wallet) सुविधा को जारी कर दिया है। इस वॉलेट की मदद से गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स अब अपने सभी जरूरी डिजिटल आईडी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट को वॉलेट पर सुरक्षित रूप में एक्सेस कर सकते हैं।
सैमसंग वॉलेट में मिलेंगी यह सुविधाएं
सैमसंग वॉलेट को गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स पेश किया गया है। गैलेक्सी यूजर्स इस वॉलेट की मदद से अपने फास्टैग अकाउंट को रिचार्ज और चेक कर सकते हैं। साथ ही तेजी के साथ और बेहद आसानी से अपने फ्लाइट बोर्डिंग पास को सेव कर सकते हैं। इसके अलावा अब सैमसंग वॉलेट ट्रेन टिकटों से जुड़ा कम्पलीट सॉल्यूशन प्रदान करता है। यूजर्स सैमसंग वॉलेट पर टिकट बुक कर सकते हैं, टिकट को सेव कर सकते हैं, ट्रेन की पॉजीशन का पता लगा सकते हैं। यूजर्स क्यूआर या बारकोड को स्कैन करके या इमेज या पीडीएफ इंपोर्ट कर सैमसंग वॉलेट में ट्रेन टिकट या बोर्डिंग पास एड कर सकते हैं।
टैप एंड पे की मिलेगी सुविधा
इसके अलावा, सैमसंग ने नए सैमसंग वॉलेट में ट्रैवल और मोबिलिटी से जुड़े कई नए फीचर्स भी शामिल किए हैं। गैलेक्सी स्मार्टफोन पर मौजूद सैमसंग पे और सैमसंग पास के फीचर्स को सैमसंग वॉलेट में एक साथ जोड़कर पेश किया गया है। इसकी मदद से यूजर्स को एक बेहद आसान कार्ड टैप एंड पे, यूपीआई पेमेंट और बिल भुगतान की सुविधा मिलती है।
इन चार डिजिटल आईडी - आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के अलावा - यूजर्स सीधे सैमसंग वॉलेट के साथ 2,000 से अधिक दूसरे आईडी/दस्तावेजों तक पहुंच सकेंगे। कंपनी का कहना है कि सैमसंग इस जानकारी को स्टोर नहीं करेगा और जानकारी सैमसंग वॉलेट एप के भीतर डिवाइस पर डिस्प्ले की जाएगी।
सैमसंग पे के साथ आसानी से होगा पेमेंट
सैमसंग पे, जिसे अब सैमसंग वॉलेट में मर्ज कर दिया गया है, इसकी मदद से भी सरल और सुरक्षित पेमेंट किया जा सकता है। अपने गैलेक्सी स्मार्टफोन का उपयोग करके आप बस एक स्वाइप या टैप कर पेमेंट कर सकते हैं।
सैमसंग पास का उपयोग कर पाएं सुरक्षा
इसके साथ ही, सैमसंग वॉलेट में सैमसंग पास को शामिल कर लिया गया है। यह ग्राहकों को सहेजे गए पासवर्ड के माध्यम से एप्स और सर्विसेज तक आसान पहुंच प्रदान करता है। सैमसंग पास 'आइडेंटिटी मैनेजमेंट एज-ए-सर्विस' प्रदान करता है, जो बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के माध्यम से सुरक्षित एक्सेस को सक्षम बनाता है। यूजर्स बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के साथ ऐप्स और सर्विसेज में लॉग इन कर सकते हैं।
सैमसंग नॉक्स द्वारा प्रोटेक्टेड
कंपनी का कहना है कि सैमसंग वॉलेट एक डिफेंस-ग्रेड सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म है, सैमसंग नॉक्स द्वारा प्रोटेक्ट किया जाता है। इसके सेफ्टी फीचर्स में फिंगरप्रिंट रिकग्निशन और एन्क्रिप्शन शामिल हैं, जो यूजर्स के संवेदनशील डाटा को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं। सैमसंग नॉक्स के साथ, सैमसंग वॉलेट में कुछ प्रमुख संवेदनशील चीजों को एक अलग वातावरण एम्बेडेड सिक्योर एलिमेंट में स्टोर किया जाता है, जो डिजिटल और फिजिकल हैकिंग से बचाने में भी मदद करता है।