Samsung Galaxy AI: फोन में एआई फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए चुकाने पड़ सकते हैं पैसे, जानें कितनी होगी कीमत
- सैमसंग अपने Galaxy स्मार्टफोन में मिलने वाले AI फीचर्स के लिए सब्सक्रिप्शन प्लान लाने की तैयारी कर रही है।
- अब तक कंपनी कई AI सुविधाएं मुफ्त देती रही है, लेकिन आगे इनके इस्तेमाल पर लिमिट लग सकती है।
- एक रिपोर्ट के मुताबिक, Galaxy AI Premium के Max प्लान की कीमत करीब 470 रुपये प्रति महीने हो सकती है।
- इसमें ज्यादा इस्तेमाल की लिमिट के साथ फोटो से AI वीडियो बनाने जैसे नए फीचर्स भी मिल सकते हैं।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस दौर में टेक कंपनियां पहले यूजर्स को बेहतरीन फ्री फीचर्स की आदत डालवा रही हैं और फिर उन्हें प्रीमियम या पेड मॉडल में बदल रही हैं। ऐसा लगता है कि स्मार्टफोन की दुनिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग (Samsung) भी अब इसी राह पर चलने की तैयारी में है। अगर आप सैमसंग का गैलेक्सी स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो हो सकता है कि भविष्य में आपको Galaxy AI के एडवांस फीचर्स का उपयोग जारी रखने के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़े।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सैमसंग गैलेक्सी एआई प्रीमियम (Galaxy AI Premium) नाम से एक नए सब्सक्रिप्शन मॉडल पर तेजी से काम कर रहा है। आइए आपको विस्तार से बताते हैं कि कंपनी के इस नए प्लान में क्या-क्या बदलाव देखने को मिल सकते हैं और आपकी जेब पर इसका कितना असर पड़ेगा।
फ्री से पेड की ओर: क्या है नया सब्सक्रिप्शन प्लान?
मशहूर टेक वेबसाइट SammyGuru की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग के एक नए एप के कोड में Galaxy AI के लिए स्टैंडर्ड और मैक्स नाम के दो प्लान्स का जिक्र मिला है।
स्टैंडर्ड प्लान:
यह प्लान यूजर्स के लिए बेसिक तौर पर फ्री रहेगा। इसमें ब्राउजिंग असिस्ट, नाउ ब्रीफ, क्रिएटिव स्टूडियो, स्मार्ट कैप्चर, सैमसंग कीबोर्ड, फोटो असिस्ट और पर्सनल एजेंट जैसे शानदार फीचर्स शामिल होंगे। हालांकि, इसमें एक बड़ा बदलाव यह है कि इन फीचर्स के इस्तेमाल की एक लिमिट तय होगी। अगर आप वह लिमिट पार कर लेते हैं, तो आपको इन्हें आगे इस्तेमाल करने के लिए क्रेडिट पैक्स (Credit Packs) खरीदने पड़ सकते हैं।
मैक्स प्लान:
यह पूरी तरह से एक प्रीमियम और पेड प्लान होगा, जिसमें फ्री प्लान के मुकाबले यूजर्स को चार गुना ज्यादा यूसेज लिमिट मिलेगी।
मैक्स प्लान में मिल सकते हैं ये एक्सक्लूसिव और नए फीचर्स
पैसे खर्च करने वाले मैक्स प्लान के यूजर्स को कंपनी कुछ एक्सक्लूसिव फीचर्स भी देगी। इसमें सबसे खास जेन वीडियो (Gen Video) फीचर होने वाला है, जिसकी मदद से आप अपनी साधारण तस्वीरों से बेहतरीन AI वीडियो जनरेट कर सकेंगे।
इसके अलावा, एडवांस बिक्सबी एक्शन (Bixby Action) फीचर भी दिया जा सकता है, जो आपके फोन के अलग-अलग एप्स में कई कमांड्स को खुद-ब-खुद कर देगा। इसके साथ ही एक 'डेली ब्रीफिंग' फीचर का भी जिक्र है, हालांकि यह कैसे काम करेगा, इसकी पुख्ता जानकारी आनी अभी बाकी है।
कितनी हो सकती है कीमत?
सैमसंग के एप में मिले कोड स्ट्रिंग्स के अनुसार, Galaxy AI Premium के Max प्लान की कीमत हर महीने लगभग 4.99 डॉलर (करीब 470 रुपये) रखी जा सकती है। वहीं, अगर आप इसका सालाना सब्सक्रिप्शन लेना चाहते हैं, तो आपको 47.99 डॉलर (करीब 4,500 रुपये) चुकाने पड़ सकते हैं। हालांकि, ये कीमतें अभी टेस्टिंग फेज में सामने आई हैं और फाइनल रोलआउट के वक्त इनमें बदलाव संभव है।
Galaxy S27 सीरीज के साथ हो सकता है लॉन्च
रिपोर्ट्स बताती हैं कि सैमसंग फिलहाल इस नए सब्सक्रिप्शन मॉडल के लिए एक अर्ली एक्सेस प्रोग्राम की टेस्टिंग कर रहा है। Sप कोड से यह भी तगड़ा इशारा मिला है कि यह नया सब्सक्रिप्शन मॉडल कंपनी की अपकमिंग फ्लैगशिप सीरीज, यानी Galaxy S27 के लॉन्च के साथ मार्केट में दस्तक दे सकता है।
फिलहाल, सैमसंग की तरफ से इस पेड AI मॉडल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी इसे आधिकारिक तौर पर कब पेश करती है और मौजूदा गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स को इसका कितना फायदा या नुकसान होता है।
- गूगल: ऑस्ट्रेलिया में 18 साल से कम उम्र के बच्चे नहीं चला पाएंगे जीमेल? नए कानून से बढ़ी टेक कंपनियों की चिंता
- घर बैठे ऐसे चेक करें अपने इलाके का AQI: मोबाइल में दिखेगा हवा का हाल, जानें 5 आसान तरीके
- एम्सटर्डम: माइक्रोसॉफ्ट के एआई डेटा सेंटर बनाने पर क्यों नाराज हैं लोग? 1 अरब डॉलर के AI प्रोजेक्ट पर बवाल
- AQI 1700 पार: दमघोंटू हुई दिल्ली की हवा, प्रदूषण से बचने के लिए घर लाएं ये 5 एयर प्यूरीफायर, कीमत 5,000 से कम