Samsung Galaxy S27 सीरीज: Pro और Ultra मॉडल में मिल सकता है नया कैमरा डिजाइन, बड़ी बैटरी और मैग्नेटिक फीचर
सैमसंग की अगली फ्लैगशिप सीरीज Galaxy S27 में इस बार बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। लीक के मुताबिक, Pro और Ultra मॉडल में नया हॉरिजॉन्टल कैमरा बार, 5,700mAh तक की बैटरी और मैग्नेटिक एक्सेसरीज का सपोर्ट मिलेगा। सीरीज में चार मॉडल आने की उम्मीद है। जानें, इन फोन में और क्या खास होगा।

विस्तार
सैमसंग की अगली फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Galaxy S27 को लेकर कई बड़े बदलावों की जानकारी सामने आई है। एक नए लीक के मुताबिक, कंपनी इस बार अपने प्रीमियम मॉडल Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में हॉरिजॉन्टल कैमरा बार दे सकती है। इसके अलावा इन दोनों फोन में बड़ी सिलिकॉन-कार्बन बैटरी, नया OLED डिस्प्ले और मैग्नेटिक एक्सेसरीज का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। वहीं, स्टैंडर्ड Galaxy S27 और S27+ में मौजूदा सीरीज जैसा वर्टिकल कैमरा डिजाइन देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार सैमसंग चार मॉडल लॉन्च कर सकती है। हालांकि, Pro और Ultra मॉडल के कुछ हार्डवेयर फीचर्स अभी फाइनल नहीं हुए हैं। ऐसे में लॉन्च की तारीख पर भी असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं सैमसंग Galaxy S27 सीरीज में क्या कुछ खास मिल सकता है।
क्या सीरीज में मिलेगा नया कैमरा डिजाइन?
- टिप्स्टर आइस यूनिवर्स ने Galaxy S27 सीरीज के चारों मॉडल के कथित कवर की तस्वीर शेयर की है। इससे संकेत मिलता है कि सैमसंग इस बार अपनी फ्लैगशिप सीरीज में दो तरह के डिजाइन अपना सकती है।
- लीक तस्वीर के मुताबिक, Galaxy S27 और Galaxy S27+ में पीछे की तरफ ऊपर कोने में लंबा और गोल किनारों वाला कटआउट दिया गया है। इसमें कैमरे वर्टिकल यानी एक के नीचे एक लगे दिखाई देते हैं। यह डिजाइन मौजूदा Galaxy S26 सीरीज से मिलता-जुलता है।
- वहीं, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra के कवर में पीछे की तरफ चौड़ा आयताकार कटआउट नजर आता है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन दोनों महंगे मॉडल में हॉरिजॉन्टल कैमरा बार मिल सकता है। यानी कैमरे एक लाइन में हॉरिजॉन्टल तरीके से लगे हो सकते हैं।
- लीक में फोन के संभावित साइज की जानकारी भी सामने आई है। Galaxy S27 Pro में 6.47 इंच का डिस्प्ले मिल सकता है, जबकि Galaxy S27+ में 6.66 इंच की स्क्रीन दी जा सकती है। वहीं, Galaxy S27 Ultra में सबसे बड़ी 6.89 इंच की डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सैमसंग ने अभी इन डिजाइन और स्पेसिफिकेशंस की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
Galaxy S27 Pro और Ultra में मिल सकती है बड़ी बैटरी?
- सैमसंग के प्रीमियम मॉडल में कैमरा डिजाइन के अलावा बैटरी और एक्सेसरीज से जुड़े बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Galaxy S27 Pro और Ultra में सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी जा सकती है। इस तकनीक की मदद से फोन के आकार को ज्यादा बढ़ाए बिना बैटरी की क्षमता बढ़ाना संभव होता है।
- Galaxy Club की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Galaxy S27 Pro में करीब 5,200mAh और Galaxy S27 Ultra में 5,700mAh की बैटरी मिल सकती है। हालांकि, स्टैंडर्ड Galaxy S27 और S27+ में भी इस तकनीक का इस्तेमाल होगा या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
- सैमसंग के प्रीमियम मॉडल में Qi2 मैग्नेटिक टेक्नोलॉजी का सपोर्ट भी मिल सकता है। इससे फोन के पीछे मैग्नेटिक एक्सेसरीज सीधे अटैच की जा सकेंगी। उदाहरण के लिए, यूजर्स बिना किसी खास कवर के मैग्नेटिक पावर बैंक और दूसरी कंपैटिबल एक्सेसरीज फोन से जोड़ सकेंगे।
- इसके अलावा, Galaxy S27 Pro और Ultra में सैमसंग डिस्प्ले के नए M16 OLED पैनल मिलने की चर्चा है। दूसरी ओर, स्टैंडर्ड Galaxy S27 और S27+ में पुराने M14 मटेरियल पर आधारित डिस्प्ले दी जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो सीरीज के महंगे और सामान्य मॉडल के डिस्प्ले में भी अंतर देखने को मिलेगा।
मिल सकता है नया स्टोरेज और रैम
- Galaxy S27 सीरीज के हार्डवेयर को लेकर भी कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं। कोरियाई टिप्स्टर Lanzuk के मुताबिक, Galaxy S27 और S27+ के हार्डवेयर की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। हालांकि, Pro और Ultra मॉडल के कुछ फीचर्स पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
- इनमें सबसे अहम सवाल UFS 5.0 स्टोरेज और LPDDR6 रैम को शामिल करने का है। ये दोनों नई तकनीकें फोन की डेटा ट्रांसफर स्पीड और परफॉर्मेंस को बेहतर बना सकती हैं। हालांकि, इनके इस्तेमाल से फोन की मैन्युफैक्चरिंग लागत भी बढ़ सकती है। इसी वजह से सैमसंग अभी इन कंपोनेंट्स को लेकर फैसला कर रही है।
क्या है Galaxy S27 सीरीज की एक्सपेक्टेड लॉन्च डेट?
- सैमसंग की Galaxy S27 सीरीज के जनवरी या फरवरी 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है। टिप्स्टर Lanzuk के मुताबिक, कंपनी फरवरी 2027 तक नई सीरीज पेश कर सकती है। हालांकि, जनवरी में भी लॉन्च इवेंट आयोजित किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
- Pro और Ultra मॉडल के हार्डवेयर को फाइनल करने में लगने वाला समय लॉन्च की योजना को प्रभावित कर सकता है। यानी इन दोनों मॉडल के स्पेसिफिकेशंस तय होने के बाद ही कंपनी लॉन्च की तारीख को लेकर अंतिम फैसला ले सकती है।
पिछले मॉडल से ज्यादा होगी कीमत?
नई तकनीक और हार्डवेयर बदलावों का असर फोन की कीमत पर भी पड़ सकता है। टिप्स्टर Lanzuk के मुताबिक, सैमसंग ने Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra की कीमतें पहले से ही काफी ऊंचे स्तर पर रखी हैं। इनमें आगे और बढ़ोतरी भी हो सकती है।
गौरतलब है कि सैमसंग ने 1 अक्टूबर को अमेरिका में Galaxy S26 Ultra की कीमत बढ़ाकर करीब 1,400 डॉलर कर दी थी। ऐसे में इसके अगले मॉडल की शुरुआती कीमत भी ज्यादा हो सकती है।
कुल मिलाकर, Galaxy S27 सीरीज में सैमसंग अपने प्रीमियम और सामान्य मॉडल के बीच अंतर को और बढ़ाने की तैयारी कर सकती है। नया कैमरा डिजाइन, बड़ी बैटरी, बेहतर डिस्प्ले और मैग्नेटिक एक्सेसरीज जैसे फीचर्स Pro और Ultra मॉडल को खास बना सकते हैं। हालांकि, ये सभी जानकारियां फिलहाल लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। सैमसंग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इन बदलावों की सही तस्वीर सामने आएगी।
- बाइनेंस हैक: कैसे एक लैपटॉप से हुआ दुनिया का सबसे बड़ा साइबर अटैक? 60,000 करोड़ के क्रिप्टो एसेट्स दांव पर
- अमेरिका में कंप्यूटर साइंस से छात्रों का मोहभंग: दो साल में दाखिले 18% घटे, एआई से बढ़ा नौकरियों पर खतरा
- जियो का जबरदस्त प्लान: 84 दिन तक रोज 3GB डेटा और नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन, साथ में मिलेंगे एआई के कई फायदे
- सैमसंग W27 हुआ लॉन्च: 16GB रैम और धांसू प्रोसेसर वाले नए फोल्डेबल फोन ने उड़ाए होश, यहां पढ़ें स्पेसिफिकेशन्स