सैमसंग: 17-इंच की बड़ी स्क्रीन वाला फोल्डेबल टैबलेट बना रही कंपनी, फोल्ड होने पर रह जाएगा 8-इंच का

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 06 Nov 2026 04:10 PM IST
सार

Samsung Foldable Tablet: स्मार्टफोन के बाद अब टैबलेट मार्केट में भी फोल्डेबल स्क्रीन का जलवा देखने को मिल सकता है। सैमसंग एक शानदार 17 इंच वाले फोल्डेबल टैबलेट पर काम कर रहा है। फोल्ड होने पर यह डिवाइस महज 8 इंच का हैंडी टैबलेट बन जाएगा।

samsung 17 inch massive foldable tablet galaxy z tab details leak
एपल को टक्कर देने सैमसंग ला सकता है फोल्डेबल टैबलेट। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    स्मार्टफोन्स में फोल्डेबल तकनीक को आम बनाने के बाद, अब बड़ी स्क्रीन वाले टैबलेट भी मुड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। गैजेट्स की दुनिया में अपनी एक अलग और प्रीमियम पहचान बनाने वाला सैमसंग (Samsung) एक नए और विशाल टैबलेट पर तेजी से काम कर रहा है। ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी एक बड़े फोल्डेबल टैबलेट को विकसित कर रही है, जो फोल्ड होने के बाद महज 8 इंच के सुविधाजनक आकार में सिमट जाएगा।

    17-इंच का हो सकता है डिस्प्ले

    GSM Arena की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात का खुलासा उसी सोर्स ने किया है जिसने अगस्त के आखिर में बताया था कि 17-इंच के एक फोल्डेबल टैबलेट के कई वर्जन और टेस्ट डिवाइस बनाए जा रहे हैं। हालांकि, उस वक्त इसे बनाने वाली कंपनी का नाम उजागर नहीं किया गया था। अब उसी सोर्स ने एक बड़ा अपडेट देते हुए बताया है कि इस मेगा-प्रोजेक्ट के पीछे कोई और नहीं, बल्कि सैमसंग ही है।

    खुलने और बंद होने पर कैसा होगा आकार?

    लीक हुई जानकारी के अनुसार, इस फ्यूचरिस्टिक डिवाइस को जब खोला जाएगा तो यह 17 इंच के एक विशाल और शानदार डिस्प्ले में बदल जाएगा। बड़ी स्क्रीन पर मल्टीटास्किंग, वीडियो एडिटिंग या मूवी देखने का अनुभव बिल्कुल किसी लैपटॉप जैसा होगा। वहीं, जब आपका काम खत्म हो जाए, तो आप इसे बंद करके 8 इंच के एक हैंडी और कॉम्पैक्ट टैबलेट के रूप में कहीं भी कैरी कर सकते हैं।

    डिजाइन को लेकर हैं दो बड़ी संभावनाएं

    इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि इसके डिजाइन को लेकर दो प्रमुख संभावनाएं हो सकती हैं। पहला ये कि इसमें 17-इंच की केवल एक ही स्क्रीन हो सकती है, जो बाहर की तरफ मुड़ेगी। इस स्थिति में, जब आप इसे बंद करेंगे तो स्क्रीन का केवल आधा हिस्सा ही एक्टिव रहेगा।

    दूसरी संभावना ये है यह सैमसंग के मशहूर Galaxy Z Fold की तरह काम कर सकता है। यानी, अंदर की तरफ एक 17 इंच का बड़ा पैनल होगा और बाहर की तरफ काम करने के लिए 8 इंच की एक डेडिकेटेड कवर स्क्रीन दी जाएगी।

    एपल के 'आईफोन डुओ' से सीधा मुकाबला

    सैमसंग डिस्प्ले ने पहले भी कई बड़े टेक इवेंट्स में बड़े फोल्डेबल स्क्रीन्स के कॉन्सेप्ट पेश किए हैं। याद हो कि 2023 में भी Galaxy Z Tab के नाम से एक फोल्डेबल डिवाइस की खबरें उड़ी थीं, लेकिन वह मार्केट में ग्राहकों तक नहीं पहुंच सका। माना जा रहा है कि ये एपल के पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ को टक्कर दे सकता है। फिलहाल सैमसंग ने इस तरह के डिवाइस के डेवलपमेंट पर कोई भी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है, लेकिन गैजेट लवर्स को इस अनोखे डिवाइस का बेसब्री से इंतजार है।

    और पढ़ें...