Reliance Q1 Results: जियो के नेटवर्क पर डाटा खपत 4400 करोड़ जीबी के पार, दुनियाभर में सबसे ज्यादा
जियो नेटवर्क पर डाटा खपत तिमाही में 44 एक्साबाइट यानी 4400 करोड़ जीबी से आगे निकल गई है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 33 फीसदी का उछाल है।

विस्तार
रिलायंस जियो दुनियाभर में इंटरनेट डाटा खपत के मामले में नंबर-वन कंपनी बन गई है। कंपनी के जून तिमाही के नतीजों में इस बात का खुलासा हुआ कि जियो नेटवर्क पर डाटा खपत तिमाही में 44 एक्साबाइट यानी 4400 करोड़ जीबी से आगे निकल गई है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 33 फीसदी का उछाल है। देश में पहली बार किसी टेलीकॉम नेटवर्क पर ग्राहक औसतन प्रति दिन 1 जीबी से कुछ अधिक का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जियो 5जी नेटवर्क से जुड़े करीब 13 करोड़ ग्राहक बड़ी तादाद में डाटा का उपयोग करते हैं। 5जी ग्राहकों की यह संख्या कितनी बड़ी है, इसका अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि अगर चीन को छोड़ दें तो यह नंबर दुनिया में सबसे बड़ा है। जियो के करीब 49 करोड़ ग्राहक हैं, जिनमें से 4 करोड़ के आस-पास पिछले सालभर में जियो नेटवर्क से जुड़े हैं।
फिक्स्ड वायरलेस के मामले में भी जियो काफी आगे निकल चुका है। 10 लाख से अधिक घरों व परिसरों को एयरफाइबर से सबसे तेजी से जोड़ने वाली जियो पहली कंपनी बन गई है। डाटा खपत के साथ जियो के ग्राहक मोबाइल पर बातें भी खूब कर रहे हैं। कंपनी नेटवर्क पर वॉयस कॉलिंग तिमाही में 1.42 ट्रिलियन मिनट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई जो 6 फीसदी अधिक है।