क्वॉलकॉम ने लॉन्च किया Snapdragon 865 Plus चिपसेट, मिलेगी 3GHz तक की स्पीड

क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 855 प्लस प्रोसेसर का इस्तेमाल हाल ही में लॉन्च हुए कई फ्लैगशिप स्मार्टफोन में हुआ है। अब कंपनी ने नए चिपसेट स्नैपड्रैगन 865 प्लस पेश कर दिया है। स्नैपड्रैगन 865 प्लस एंड्रॉयड डिवाइस का अबतक का सबसे तेज प्रोसेसर है जिसकी अधिकतम स्पीड 3 गीगाहर्ट्ज है। इस प्रोसेसर में भी स्नैपड्रैगन 855 प्लस की तरह 5जी का सपोर्ट मिलेगा।
स्नैपड्रैगन 865 प्लस में ग्राफिक्स के लिए Adreno 650 GPU मिलेगा, जबकि इसके सीपीयू की स्पीड 2.84GHz से लेकर 3.1GHz है जो कि अबतक की अधिकतम स्पीड है। कंपनी का दावा है कि एड्रेनो 659 जीपीयू की स्पीड पहले के मुकाबले 10 फीसदी अधिक है, हालांकि कंपनी ने इसकी वास्तविक स्पीड की जानकारी साझा नहीं की है।
स्नैपड्रैगन 865 प्लस में फास्टकनेक्ट 6900 के जरिए वायरलेस कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ बड़ा अपग्रेड आपको वाई-फाई को लेकर मिल रहा है। स्नैपड्रैगन 865 प्लस में वाई-फाई Wi-Fi 6E और ब्लूटूथ 5.2 मिलेगा। इसकी रिफ्रेश रेट 144Hz होगी और 8के वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलेगा। साथ ही क्विक चार्ज 4 प्लस का भी सपोर्ट दिया गया है।
स्नैपड्रैगन 865 प्लस की लॉन्चिंग के साथ ही Asus और Lenovo ने कहा है वे पहली कंपनियां होंगी जो सबसे पहले अपनी डिवाइस में इस प्रोसेसर का इस्तेमाल करेंगी। आसुस के ROG Phone 3 और लेनोवो के Legion गेमिंग फोन में स्नैपड्रैगन 865 प्रोसेसर मिल सकता है।