Restaurant में QR Code Scan करना पड़ सकता है भारी: एक गलती से लीक हो सकता है आपका निजी डेटा, ऐसे रहें सतर्क
रेस्टोरेंट और कैफे में QR Code स्कैन करके मेनू देखना अब आम बात हो गई है। लेकिन यही सुविधा अब साइबर खतरे का नया जरिया बनती जा रही है। एक हालिया मामले में QR Code स्कैन करने के बाद महिला का मोबाइल नंबर गलत हाथों में पहुंच गया।

विस्तार
रेस्टोरेंट और कैफे में डिजिटल मेनू का चलन तेजी से बढ़ा है। लोग टेबल पर रखा QR Code स्कैन करते हैं और सीधे अपने फोन पर मेनू खुल जाता है। इससे समय बचता है और पेपर मेनू की जरूरत भी कम हो जाती है। लेकिन अब इसी सुविधा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में पुणे की एक महिला इंफ्लुएंसर ने रेस्टोरेंट में QR Code स्कैन करके मेनू देखा था। इसके कुछ समय बाद उसे अनजान नंबरों से लगातार कॉल और मैसेज आने लगे। जांच में सामने आया कि उसका मोबाइल नंबर रेस्टोरेंट स्टाफ तक पहुंच गया था, जिसके बाद उसे परेशान किया जाने लगा।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद लोग QR Code आधारित डिजिटल मेनू की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
कैसे लीक हो सकता है आपका डेटा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई रेस्टोरेंट और कैफे थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। जब कोई यूजर QR Code स्कैन करता है, तो कई बार उससे मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, लोकेशन और डिवाइस से जुड़ी जानकारी मांगी जाती है।
अगर यह डेटा सुरक्षित तरीके से स्टोर न किया जाए, तो इसके गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ जाता है। कई बार यूजर्स बिना पढ़े एप या वेबसाइट को परमिशन दे देते हैं। यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है।
कुछ मामलों में फर्जी QR Codes भी लगाए जाते हैं। ये यूजर्स को नकली वेबसाइट पर भेज देते हैं, जहां बैंकिंग जानकारी और निजी डेटा चोरी होने का खतरा रहता है।
Public Wi-Fi के साथ खतरा और बढ़ जाता है
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक कई लोग रेस्टोरेंट में Free Wi-Fi इस्तेमाल करते समय QR Code भी स्कैन करते हैं। पब्लिक Wi-Fi नेटवर्क अक्सर पूरी तरह सुरक्षित नहीं होते। ऐसे में हैकर्स डेटा चोरी करने की कोशिश कर सकते हैं। अगर कोई यूजर उसी दौरान बैंकिंग ऐप या निजी जानकारी का इस्तेमाल करता है, तो जोखिम और बढ़ सकता है।
QR Code Scam से बचने के लिए रखें ये सावधानियां
QR Code को ध्यान से देखें
किसी भी QR Code को स्कैन करने से पहले यह जरूर जांच लें कि वह असली लग रहा है या नहीं। अगर उसके ऊपर अलग से Sticker चिपका हो या वह संदिग्ध दिखे, तो उसे स्कैन न करें।
बिना जरूरत मोबाइल नंबर न डालें
सिर्फ मेनू देखने के लिए अक्सर Login की जरूरत नहीं होती। ऐसे में मोबाइल नंबर या Email ID शेयर करने से बचें।
संदिग्ध लिंक तुरंत बंद करें
अगर QR Code स्कैन करने के बाद कोई अजीब वेबसाइट खुले या बार-बार परमिशन मांगी जाए, तो तुरंत उसे बंद कर दें।
Public Wi-Fi पर सावधानी रखें
फ्री Wi-Fi इस्तेमाल करते समय बैंकिंग या निजी जानकारी से जुड़े काम करने से बचें। इससे डेटा चोरी का खतरा कम होता है।
लालच देने वाले QR Codes से बचें
कई जगह फ्री कूपन, डिस्काउंट या कैशबैक का लालच देकर फर्जी QR Codes लगाए जाते हैं। ऐसे ऑफर्स पर तुरंत भरोसा न करें।
- Tec Tips: किस कमरे में कितने इंच का सीलिंग फैन है सही, ये फॉर्मूला जान गए तो मेहनत और पैसे दोनों बचेंगे
- Cyber Scam: लोगों को ठगने में Facebook से लेकर Google तक का इस्तेमाल, बेरोजगार और हाउसवाइफ बने आसान टार्गेट
- AI से डरे अमेरिकी: डेटा सेंटर के बजाय न्यूक्लियर प्लांट के पास रहना कर रहे पसंद, सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा