OpenAI: सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को भेजे मेमो में कह दी बड़ी बात, बोले- 'गूगल हाल में कमाल कर रहा है'

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Sat, 22 Nov 2025 05:41 PM IST
सार

ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक मेमो में माना है कि कंपनी इस समय 'कठिन माहौल' और 'आर्थिक चुनौतियों' से गुजर रही है। यह मेमो उसी समय सामने आया है जब गूगल ने अपने नए जेमिनी 3 प्रो लॉन्च के साथ एआई रेस में बढ़त दिखाई है।

विज्ञापन
OpenAI CEO Sam Altmans acknowledged to the team that Google has been doing excellent
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक मेमो में माना है कि कंपनी इस समय 'कठिन माहौल' और 'आर्थिक चुनौतियों' से गुजर रही है। यह मेमो उसी समय सामने आया है जब गूगल ने अपने नए जेमिनी 3 प्रो लॉन्च के साथ एआई रेस में बढ़त दिखाई है। रिपोर्ट के अनुसार, यह मेमो पिछले महीने शेयर किया गया था और ऑल्टमैन सार्वजनिक तौर पर तय बड़े लक्ष्यों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है। मेमो में ऑल्टमैन ने चेतावनी दी है कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो 2026 तक ओपनएआई की कमाई की रफ्तार काफी धीमी हो सकती है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि "गूगल ने हाल के समय में हर क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है", खासकर एआई ट्रेनिंग में। फिर भी ऑल्टमैन का कहना है कि ओपनएआई तेजी से अंतर कम कर रहा है और आगे निकलने की क्षमता रखता है।

    विज्ञापन

    गूगल की प्रगति पर ऑल्टमैन की प्रतिक्रिया

    ऑल्टमैन ने लिखा कि प्रतियोगियों की सफलता से ओपनएआई पर कुछ समय के लिए आर्थिक दबाव बन सकता है। इसके बावजूद, उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कंपनी 'तेजी से कैच-अप कर रही है' और एआई रेस में टॉप पर आने की स्थिति में है। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह मेमो गूगल के जेमिनी 3 लॉन्च से पहले तैयार किया गया था, जिसे अब तक का उनका सबसे एडवांस्ड मॉडल बताया जा रहा है। नया सिस्टम वेबसाइट बनाना, प्रोडक्ट डिजाइन और कोडिंग जैसे कामों में मजबूत प्रदर्शन दे रहा है। यही वे क्षेत्र हैं जिनसे ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों को कमाई होती है। ऑल्टमैन ने कहा कि ओपनएआई को बड़े और कठिन फैसलों पर ध्यान देना होगा, भले ही कुछ समय के लिए कंपनी पीछे दिखाई दे। उन्होंने रिसर्च टीम को सुपरइंटेलिजेंस पर फोकस बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    क्या ओपनएआई की ग्रोथ में कमी आई है?

    इस साल की शुरुआत में ही ओपनएआई की रफ्तार को लेकर सवाल उठने लगे थे। हाल ही में कंपनी की सीएफओ सारा फ्रायर ने बताया कि चैटजीपीटी के उपयोग में कमी देखी गई है, हालांकि कमाई पर अभी बड़ा असर नहीं पड़ा है। मेमो में ऑल्टमैन ने माना कि गूगल और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ओपनएआई एक नए भाषा मॉडल पर काम कर रही है, जिसका नाम 'Shallotpeat' बताया जा रहा है, जो ट्रेनिंग में हुई गलतियों को सुधारने पर केंद्रित है। ऑल्टमैन ने अंत में कहा कि कंपनी की हाई वैल्यू होने के बावजूद "अभी हमें बहुत काम करना है, लेकिन हम बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं" उन्होंने कर्मचारियों से आत्मविश्वास बनाए रखने और बड़े लक्ष्यों पर ध्यान देने की अपील की।

    फॉक्सकॉन के साथ नई साझेदारी

    हाल ही में ओपनएआई ने एपल के बड़े सप्लायर फॉक्सकॉन के साथ साझेदारी की है। इसके तहत अमेरिका में एआई डाटा-सेंटर से जुड़ी मशीनें डिजाइन और बनाई जाएंगी। इस डील में ओपनएआई अगली पीढ़ी के सर्वर सिस्टम के डेवलपमेंट में मदद करेगा, कंपनी जल्द ही फॉक्सकॉन के बनाए हार्डवेयर का इस्तेमाल शुरू कर सकती है। ऑल्टमैन ने इसे अमेरिका के विनिर्माण सेक्टर को मजबूती देने वाला कदम बताया और कहा कि एआई की जरूरी तकनीक "अमेरिका में ही तैयार होनी चाहिए" उन्होंने इसे री-इंडस्ट्रियलाइजेशन का 'ऐतिहासिक मौका' बताया।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें