Nvidia-Foxconn: एनवीडिया के साथ मिलकर सुपरकंप्यूटिंग सेंटर बना रहा है फॉक्सकॉन, 1.4 अरब डॉलर होगी लागत

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Sat, 22 Nov 2025 01:16 PM IST
सार

फॉक्सकॉन, एनवीडिया के साथ मिलकर 1.4 अरब डॉलर का जो सुपरकंप्यूटिंग सेंटर बना रहा है, वह 2026 की पहली छमाही तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यह ताइवान का सबसे बड़ा और एडवांस्ड ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) क्लस्टर होगा।

विज्ञापन
Foxconn and Nvidia building $1.4 billion AI center in Taiwan
एनवीडिया - फोटो : Nvidia

    विस्तार

    फॉक्सकॉन ने कहा है कि वह एनवीडिया के साथ मिलकर 1.4 अरब डॉलर का जो सुपरकंप्यूटिंग सेंटर बना रहा है, वह 2026 की पहली छमाही तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यह ताइवान का सबसे बड़ा और एडवांस्ड ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) क्लस्टर होगा। 27 मेगावॉट क्षमता वाला यह डाटा सेंटर एनवीडिया की नई ब्लैकवेल GB300 चिप पर चलेगा और एशिया का पहला GB300 एआई डाटा सेंटर भी होगा। यह जानकारी फॉक्सकॉन की नई एआई यूनिट Visonbay.ai के सीईओ नियो याओ ने दी।

    एनवीडिया की वाइस प्रेसिडेंट एलेक्सिस ब्योर्लिन ने बताया कि तेजी से बढ़ती GPU टेक्नोलॉजी के साथ हर कंपनी के लिए अपनी अलग सुविधा बनाना अब महंगा सौदा साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कंप्यूट संसाधनों को किराए पर लेना कंपनियों को ज्यादा फायदा देता है और जरूरत के हिसाब से स्केल भी किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में एनवीडिया और ऊबर सहित कई साझेदार भी मौजूद थे।

    विज्ञापन

    फॉक्सकॉन, जो एप्पल के लिए आईफोन असेंबल करता है, अब इलेक्ट्रिक व्हीकल और एआई डाटा सेंटर कारोबार में भी तेजी से बढ़ रहा है। वह एनवीडिया के लिए एआई रैक्स बनाने वाला प्रमुख निर्माता बन चुका है। ये खास सर्वर रैक्स एआई वर्कलोड को संभालने के लिए तैयार किए जाते हैं।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    एआई डाटा सेंटर की बढ़ती मांग से फॉक्सकॉन को काफी फायदा हो रहा है। क्लाउड कंपनियां एआई रिसर्च और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश कर रही हैं। कंपनी ने बताया कि एआई की मांग 2026 में उसकी ग्रोथ को और तेज करेगी। फॉक्सकॉन हर साल एआई क्षेत्र में 2 से 3 अरब डॉलर निवेश करने की तैयारी में है।

    टेक डे इवेंट में फॉक्सकॉन के संस्थापक टेरी गू भी शामिल हुए। एनवीडिया के रोबोटिक्स प्रोडक्ट मैनेजर और कंपनी के संस्थापक जेनसन हुआंग के बेटे, स्पेंसर हुआंग ने बताया कि एनवीडिया और फॉक्सकॉन मिलकर फैक्ट्रियों और मैन्युफैक्चरिंग लाइनों में एआई लागू करने पर काम कर रहे हैं।

    फॉक्सकॉन के सीईओ लियू ने कहा कि कंपनी इस समय हर हफ्ते 1,000 एआई रैक्स बना सकती है और अगली साल इसमें और क्षमता जोड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी के इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोजेक्ट अब उस स्तर पर पहुंच रहे हैं जहां बड़ी ऑटो कंपनियां अपने वाहनों के उत्पादन का कुछ हिस्सा फॉक्सकॉन को दे सकती हैं। इवेंट में कंपनी का 'मॉडल ए' इलेक्ट्रिक वाहन भी दिखाया गया, जिसे जापानी इंजीनियरों ने डिजाइन किया है। फॉक्सकॉन जल्द ही जापान में एक नई कंपनी शुरू करेगा और भविष्य में मॉडल ए का निर्माण वहीं किया जाएगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें