Fraud Alert: दिल्ली के डॉक्टर ने रिफंड के लिए कैब कंपनी को किया फोन, हो गया पांच लाख रुपये का नुकसान
अब दिल्ली के एक डॉक्टर को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया है। दिल्ली के एक डॉक्टर ने कैब कंपनी को रिफंड के लिए कॉल किया जिसके बाद उसके खाते से 4.9 लाख रुपये निकल गए। आइए समझते हैं पूरा मामला...

विस्तार
भारत में किसी के साथ किसी भी वक्त स्कैम हो सकता है। कोई भी यहां फ्रॉड का शिकार हो सकता है। अब दिल्ली के एक डॉक्टर को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया है। दिल्ली के एक डॉक्टर ने कैब कंपनी को रिफंड के लिए कॉल किया जिसके बाद उसके खाते से 4.9 लाख रुपये निकल गए। आइए समझते हैं पूरा मामला...
पीड़ित डॉक्टर का नाम प्रदीप चौधरी है जो कि दिल्ली के सफदरजंग इंक्लेव के रहने वाले हैं। प्रदीप ने एक कैब से गुरुग्राम की यात्रा की थी जिसका किराया 205 रुपये था लेकिन कैब ड्राइवर ने उनसे 318 रुपये लिए। 113 रुपये के रिफंड के लिए प्रदीप ने गूगल पर कैब के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया।
गूगल से मिले नंबर पर डॉक्टर चौधरी ने कॉल किया तो किसी राकेश मिश्रा नाम के शख्स से बात हुई। मिश्रा ने पूरे पैसे वापस करने का वादा किया। मिश्रा ने रिफंड के लिए डॉक्टर साहब को एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा है जो कि रिमोट एक्सेस वाला एप था।