कोरोना वायरस को लेकर सरकार ने जारी WhatsApp और Telegram हेल्पलाइन नंबर

कोरोना वायरस के कारण पूरी दुनिया में इस वक्त 254,798 लोग संक्रमित हैं, जबकि 10 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई है। भारत में भी कोरोना वायरस के कारण 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अभी तक संक्रमित लोगों की संख्या 200 के पार पहुंच चुकी है। कोरोना को लेकर सरकार कई तरीकों से जागरूकता फैला रही है।
कोरोना वायरस से बचने के लिए विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं। वहीं केंद्र सरकार ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम मैसेजिंग एप पर MyGov Corona Helpdesk नंबर जारी किया है। इस नंबर पर आपको कोरोना वायरस के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। इस नंबर 9013151515 को सबसे पहले अपने मोबाइल नंबर में सेव करें। इसके बाद Hi लिखकर व्हाट्सएप मैसेज भेजें।
मैसेज भेजने के तुरंत बाद आपके पास एक मैसेज आएगा जिसमें कोरोना के लिए हेल्पलाइन नंबर दिया गया होगा। साथ ही कोरोना को लेकर कई सारे सवालों के जवाब भी आपको मिलेंगे। आपको बस मैसेज में से विकल्प को चुनकर ए, बी, सी और डी में रिप्लाई करना होगा। उदाहरण के तौर पर यदि आप यह जानना चाहते हैं कि कोरोना वायरस के लक्षण क्या-क्या हैं तो आपको ए टाइप करके रिप्लाई करना होगा। इसके बाद आपके सवाल का जवाब मिल जाएगा। बता दें कि इस चैटबॉट को रिलायंस जियो की Jio Haptik टेक्नोलॉजी की टीम ने मुफ्त में तैयार किया है।