LG-Hisense Deal: क्या एलजी समेटने जा रहा है अपना 60 साल पुराना टीवी कारोबार? कंपनी ने खुद बताई सच्चाई
पिछले कुछ दिनों से टेक जगत में खबर थी कि LG अपना मशहूर टीवी बिजनेस चीनी कंपनी Hisense को बेचने जा रहा है। अब LG ने इन अफवाहों पर अपनी सफाई दी है। कंपनी ने इन दावों पर आधिकारिक बयान जारी किया है। आइए जानते हैं पूरी खबर...

विस्तार
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स की टेलीविजन बिजनेस को बेचने की खबर ने दुनिया की टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी थी। बाजार में चर्चा थी कि कंपनी का टीवी बिजनेस घाटे में चल रहा है और इस वजह से कंपनी इसे बेचने पर विचार कर रही है। हालांकि, एलजी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में इन अफवाहों को पूरी तरह नकार दिया है। कंपनी ने इन दावों को केवल 'अनुमान' और 'गलत' बताया है।
कहां से उड़ी टीवी बिजनेस बेचने की खबर?
दक्षिण कोरिया की एक पब्लिकेशन ईबीएन (EBN) ने हाल ही में एक रिपोर्ट छापी थी। इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि एलजी अपने टीवी सेगमेंट के पुनर्गठन पर विचार कर रहा है। इसके लिए चीनी इलेक्ट्रॉनिक्स दिग्गज हाइसेंस (Hisense) के साथ बातचीत चलने की बात कही गई थी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि इस बातचीत में टीवी बिजनेस को बेचने का विकल्प भी शामिल है। खबर थी कि एलजी के वरिष्ठ अधिकारी इन रणनीतिक विकल्पों को तलाशने के लिए हाल ही में बीजिंग गए थे।
छह दशक पुराना है एलजी का टीवी कारोबार
अगर टीवी बिजनेस बेचने की बात सच होती, तो यह एलजी के लिए एक बहुत बड़ा झटका होता। कंपनी पिछले 60 वर्षों से टेलीविजन बना रही है। आज भी एलजी दुनिया के सबसे बड़े प्रीमियम टीवी ब्रांड्स में गिना जाता है। हालांकि, एलजी ने अब औपचारिक तौर पर इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। कंपनी ने अपनी फाइलिंग में स्पष्ट किया है कि संभावित बिक्री की खबरें पूरी तरह गलत हैं। ये बातें बिना पुष्टि किए गए दावों पर आधारित हैं।
चीनी कंपनियों से मिल रही है कड़ी टक्कर
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब ग्लोबल टीवी मार्केट में मुकाबला काफी कड़ा हो गया है। मार्केट रिसर्चर ओमडिया (Omdia) के आंकड़ों के अनुसार, चीनी निर्माताओं ने हाल के वर्षों में अपनी हिस्सेदारी तेजी से बढ़ाई है। पिछले साल ग्लोबल टीवी शिपमेंट में टीसीएल (TCL) की हिस्सेदारी करीब 14 प्रतिशत थी। वहीं, हाइसेंस के पास लगभग 12.5 प्रतिशत हिस्सा था।
दूसरी ओर, एलजी का मार्केट शेयर निचले से मध्य दहाई के आंकड़े में ही बना हुआ है। साल 2024 से टीसीएल, हाइसेंस और शाओमी की संयुक्त हिस्सेदारी ने एलजी और सैमसंग दोनों को पीछे छोड़ दिया है।
स्मार्टफोन बिजनेस छोड़ चुकी है LG
टीवी बिजनेस बिकने की अफवाहों ने साल 2021 की यादें ताजा कर दी थीं। उस वक्त एलजी ने स्मार्टफोन बाजार से बाहर निकलने का बड़ा फैसला किया था। प्रतिस्पर्धियों से लंबे संघर्ष के बाद कंपनी ने अपने घाटे में चल रहे मोबाइल डिवीजन को हमेशा के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद एलजी ने इलेक्ट्रिक वाहन कलपुर्जों, रोबोटिक्स और स्मार्ट-होम तकनीक पर अपना ध्यान केंद्रित किया।
उद्योग पर नजर रखने वालों ने टीवी बिजनेस की खबर को भी इसी नजरिए से देखा था। लेकिन एलजी के ताजा बयान से साफ हो गया है कि फिलहाल टीवी डिवीजन को बेचने की कोई भी योजना नहीं है।
- Smart Watch: boAt ने लॉन्च की भारत की पहली Type-C चार्जिंग स्मार्टवॉच, अब फोन चार्जर से ही होगी चार्ज
- Xiaomi 17T Series: शाओमी ने लॉन्च किए दो शानदार फोन; 200MP कैमरा, 7000mAh बैटरी और 144Hz डिस्प्ले से है लैस
- AI ने निकाला कंपनी का दिवाला: कर्मचारियों को खुली छूट देने पर आया 4,100 करोड़ रुपये का बिल, क्या है मामला?
- Anthropic: ओपनएआई से आगे निकली एंथ्रोपिक! 965 अरब डॉलर के वैल्यूएशन के साथ बनी नंबर-1 AI कंपनी