Quick Share: नए और शानदार फीचर ला रहा है गूगल, QR कोड से ट्रांसफर कर सकेंगे फाइल
क्विक शेयर एक पीयर-टू-पीयर डेटा ट्रांसफर फीचर है, जो उपयोगकर्ताओं को आस-पास के एंड्रॉयड, क्रोमओएस और विंडोज आधारित डिवाइस पर इमेज, वीडियो, डॉक्यूमेंट, फोल्डर और अन्य फाइलें भेजने और प्राप्त करने की अनुमति देता है।

विस्तार
गूगल ने अपने क्विक शेयर फीचर (Quick Share) में एक नई क्यूआर कोड स्कैनिंग सुविधा पेश की है, जिससे एंड्रॉयड डिवाइस के बीच फाइल शेयरिंग पहले से अधिक आसान हो गई है। यह नई सुविधा दिसंबर में घोषित की गई थी और अब धीरे-धीरे उपयोगकर्ताओं तक पहुंच रही है। इसके तहत उपयोगकर्ता अब क्विक शेयर मेनू में क्यूआर कोड को स्कैन करके फाइल साझा कर सकते हैं, जिससे कॉन्टेक्ट को सेव करने या डिवाइस को पहले से वेरिफाई करने की आवश्यकता नहीं रहती।
क्विक शेयर एक पीयर-टू-पीयर डेटा ट्रांसफर फीचर है, जो उपयोगकर्ताओं को आस-पास के एंड्रॉयड, क्रोमओएस और विंडोज आधारित डिवाइस पर इमेज, वीडियो, डॉक्यूमेंट, फोल्डर और अन्य फाइलें भेजने और प्राप्त करने की अनुमति देता है। यह फीचर ब्लूटूथ और वाई-फाई डायरेक्ट पर आधारित है और डेटा ट्रांसफर के दौरान फाइलें एन्क्रिप्टेड रहती हैं।
पहले इस फीचर के जरिए फाइल शेयर करने के लिए अन्य उपयोगकर्ताओं को संपर्क के रूप में जोड़ना या डिवाइस को वेरिफाई करना पड़ता था, लेकिन अब 9to5Google की रिपोर्ट के अनुसार इसमें क्यूआर कोड स्कैनिंग की सुविधा जोड़ी गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि गूगल प्ले सर्विसेस को वर्जन 24.49.33 पर अपडेट करने से यह सुविधा सक्रिय हो जाएगी।