Jio True 5G: मध्यप्रदेश के इन शहरों में शुरू हुई जियो की 5G सर्विस, यूजर्स को मिलेगा हाई स्पीड इंटरनेट का मजा
भोपाल और इंदौर में जियो 5G सर्विस की लॉन्चिंग के दौरान कंपनी ने कहा कि जनवरी 2023 में मध्यप्रदेश के दो और शहरों जबलपुर और ग्वालियर में भी 5G सर्विस को रोलआउट किया जाएगा।

विस्तार
टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने अपनी हाई स्पीड इंटरनेट 5जी सर्विस का विस्तार करते हुए मध्यप्रदेश के दो शहरों में भी Jio True 5G को रोल आउट कर दिया है। मध्यप्रदेश के भोपाल और इंदौर में जियो 5G सर्विस को शुरू किया गया है। मध्यप्रदेश में 5जी सर्विस को रोल आउट करने वाला जियो पहला टेलीकॉम ऑपरेटर बन गया है। बता दें कि आज यानी 29 दिसंबर को ही रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 2023 तक देशभर में जियो 5G का विस्तार करने की घोषणा की है।
भोपाल और इंदौर में जियो 5G सर्विस की लॉन्चिंग के दौरान कंपनी ने कहा कि जनवरी 2023 में मध्यप्रदेश के दो और शहरों जबलपुर और ग्वालियर में भी 5G सर्विस को रोलआउट किया जाएगा। वहीं साल के अंत तक मध्यप्रदेश के हर शहर और कस्बे को हाई स्पीड इंटरनेट सर्विस के जोड़ा जाएगा।
मध्यप्रदेश में 5G सर्विस को रोलआउट करते हुए जियो ने कहा कि जनवरी 2023 में आयोजित हो रहे प्रवासी भारतीय दिवस और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 से पहले इंदौर और भोपाल में 5जी लॉन्च करते हुए हमें गर्व है। मध्यप्रदेश में 5जी सर्विस को रोलआउट करने वाला जियो पहला टेलीकॉम ऑपरेटर बन गया है। हमने प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ की गई 5G सर्विस लॉन्च की प्रतिबद्धता को निभाया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने गुरुवार को कहा कि जियो 5जी का डिप्लॉयमेंट साल 2023 तक पूरा हो जाएगा। जियो पूरे भारत में दुनिया का सबसे अच्छा 5G नेटवर्क शुरू कर रहा है, वो भी एक ऐसी गति से जो दुनिया में सबसे तेज है। इसके बाद जियो का अगला कदम डिजिटल सॉल्यूशन प्रोवाइड करवाना है। अंबानी ने कंपनी के 'फैमिली डे' समारोह में बोलते हुए कहा कि नंबर 1 पोजिशन बरकरार रखने के लिए और तेज गति से 5G नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए पूरी जियो टीम को बधाई देता हूं।