दो महीने में एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया ने गंवाए 48 लाख ग्राहक, जियो से जुड़े 70 लाख लोग

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने सितंबर 2019 के आंकड़े जारी कर दिए हैं। इस रिपोर्ट में अगस्त और सितंबर महीने में देशभर के मोबाइल उपभोक्ताओं की जानकारी दी गई है। इसके अलावा इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इन दो महीनों में कितने लोगों ने मोबाइल नंबर पोर्टेबलिटी यानी एमएनपी के लिए अप्लाई किया है। आइए जानते हैं...
रिपोर्ट में कहा गया है कि 1 अगस्त से लेकर 30 सितंबर 2019 तक इन दो महीनों में जियो की बल्ले-बल्ले रही है, क्योंकि इस दौरान 69,83,146 लोग जियो से जुड़े हैं, जबकि 23,84,610 लोगों ने एयरटेल के साथ छोड़ा है। इसी कड़ी में 25,76,726 लोगों ने वोडाफोन-आइडिया को बाय-बाय कहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि बीएसएनएल पर लोगों को भरोसा कायम है, क्योंकि इन दो महीनों में 73,7,928 लोग बीएसएनएल से जुड़े हैं।
ट्राई की रिपोर्ट में कहा गया है कि केवल सितंबर महीने में 5.39 मिलियन यानी 53.9 लाख लोगों ने एमएनपी कराया है, जबकि अगस्त 2019 में यह आंकड़ा 43.1 लाख का था। वहीं सितंबर 2019 के अंत तक देशभर में वायरलेस सब्सक्राइबर्स की संख्या 96 करोड़ पहुंच गई है।
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 7.54 करोड़: ट्राई

लीकॉम रेगुलेटर ट्राई के अनुसार मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में सितंबर के महीने में कुल मोबाइल ग्राहक 7.54 करोड़ हो गए हैं। अगस्त में इनकी संख्या 7.52 करोड़ थी। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में कुल 1.68 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में भारती एयरटेल के अगस्त में 1.49 करोड़ सब्सक्राइबर थे जो सितंबर में घटकर 1.48 करोड़ हो गए हैं। वोडाफोन आइडिया के 2.76 करोड़ ग्राहक थे जो सितंबर में घटकर 2.73 करोड़ हो गए हैं। वहीं बीएसएनएल के 63.8 लाख ग्राहक थे जो सितंबर में घटकर 63.7 लाख हो गए हैं।