Alert: फर्जी रक्षा अधिकारी के नाम से आपके पास आ सकती है कॉल, सरकार ने किया आगाह
भारत सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक व्हाट्सएप नंबर +91-7340921702 से फर्जी कॉल किए जा रहे हैं। कॉल करने वाले लोग खुद को भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ा अधिकारी बताकर चल रही सैन्य कार्रवाई की संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

विस्तार
"ऑपरेशन सिंदूर" के चलते देश में सुरक्षा की स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। इसी बीच एक गंभीर साइबर सुरक्षा खतरे का खुलासा हुआ है। भारतीय पत्रकारों और आम नागरिकों को एक पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव (PIO) द्वारा भारत के रक्षा अधिकारियों के रूप में खुद को प्रस्तुत करते हुए कॉल किए जा रहे हैं।
इसकी जानकारी सरकार की ओर से दी गई है। भारत सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक व्हाट्सएप नंबर +91-7340921702 से फर्जी कॉल किए जा रहे हैं। कॉल करने वाले लोग खुद को भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ा अधिकारी बताकर चल रही सैन्य कार्रवाई की संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह नंबर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों से जुड़ा है और इसका मकसद पत्रकारों और आम लोगों से जानकारी निकालना है। सभी नागरिकों और मीडिया संस्थानों से अपील की गई है कि वे इस तरह के किसी भी कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और तुरंत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दें।