Apple: iOS 26 के ताजा आंकड़ों ने सबको चौंकाया, कई शिकायतों के बावजूद 74% आईफोन यूजर्स ने किया अपडेट
iOS 26 Adoption:
आईओएस 26 को लेकर शुरुआती समस्याओं जैसे बैटरी ड्रेन, धीमी परफॉर्मेंस और डिजाइन से जुड़ी शिकायतों के बावजूद इसका एडॉप्शन तेजी से बढ़ रहा है। एपल के अनुसार पिछले चार वर्षों में लॉन्च हुए 74% आईफोन्स अब आईओएस 26 पर चल रहे हैं।

विस्तार
एपल के लिए आईओएस 26 का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इसके बावजूद भी एपल के जरिए जारी ताजा आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है। हालांकि अपडेट की रफ्तार पिछले वर्षों के मुकाबले थोड़ी धीमी है लेकिन यह उतनी भी खराब नहीं है जितनी कि आशंका जताई जा रही थी। आईओएस 26 का सॉफ्टवेयर अपडेट कई समस्याओं के बावजूद तेजी से आईफोन तक पहुंच रहा है। बैटरी ड्रेन, परफॉर्मेंस स्लो होने और लिक्विड डिजाइन से जुड़ी कई शिकायतों के बावजूद हाल ही में लॉन्च हुए आईफोन में से 74% डिवाइस अब आईओएस 26 पर चल रहे हैं। हालांकि यह आंकड़ा पिछले आईओएस वर्जन से थोड़ा कम है लेकिन गिरावट उतनी बड़ी नहीं है जितनी उम्मीद की जा रही थी।
आईओएस 26 अपडेट में आई थीं कई समस्याएं
एपल को उम्मीद थी कि आईओएस 18 में एआई फीचर्स की देरी के बाद आईओएस 26 एक बेहतर शुरुआत करेगा। लेकिन अपडेट जारी होने के बाद कई यूजर्स ने कुछ बड़ी समस्याओं की शिकायत की। इनमें सबसे ज्यादा ये परेशानियां सामने आईं:
- बैटरी जल्दी खत्म होना
- फोन की परफॉर्मेंस धीमी होना
- लिक्विड डिजाइन इंटरफेस में टेक्स्ट पढ़ने में दिक्कत
- कुछ अन्य स्थिरता से जुड़ी परेशानियां
इन समस्याओं के कारण माना जा रहा था कि यूजर्स आईओएस 26 को अपनाने में हिचकिचाएंगे।
ये भी पढ़ें: Instagram: इंस्टाग्राम पर आया वैलेनटाइन डे स्पेशल अपडेट: नए फॉन्ट, स्टिकर और सिक्रेट डीएम फीचर्स शामिल
क्या कहते हैं आईओएस 26 के एडॉप्शन आंकड़े?
एपल के जरिए जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले चार वर्षों में लॉन्च हुए कुल आईफोन्स में से 74% डिवाइसेज अब आईओएस 26 पर चल रहे हैं जबकि 20% यूजर्स अभी भी आईओएस 18 का इस्तेमाल कर रहे हैं और केवल 6% यूजर्स ही पुराने वर्जन्स पर टिके हुए हैं। वहीं अगर बाजार में मौजूद सभी आईफोन्स को मिलाकर देखा जाए तो 66% डिवाइसेज पर आईओएस 26 सक्रिय है जबकि 24% पर आईओएस 18 और बाकी 10% पर पुराने वर्जन काम कर रहे हैं।
पिछले 4 वर्षों में लॉन्च हुए आईफोन्स:
| ऑपरेटिंग सिस्टम | एडॉप्शन रेट |
|---|---|
| आईओएस 26 | 74% |
| आईओएस 18 | 20% |
| पुराने वर्जन्स | 6% |
पिछले वर्जन से थोड़ा कम लेकिन बड़ी गिरावट नहीं
अगर पिछले साल से तुलना की जाए तो पिछले साल आईओएस 18 को पिछले चार साल में लॉन्च हुए आईफोन्स में 76% यूजर्स ने अपनाया था जबकि सभी आईफोन्स को मिलाकर इसका एडॉप्शन रेट 68% था। इसी तरह आईओएस 17 के आंकड़े भी लगभग ऐसे ही थे। इससे साफ है कि आईओएस 26 की एडॉप्शन रेट में थोड़ी गिरावट जरूर आई है लेकिन यह कमी बहुत ज्यादा नहीं है और नए अपडेट को अभी भी बड़ी संख्या में यूजर्स अपना रहे हैं।
ये भी पढ़ें: न्यूयॉर्क के कैफे का अनोखा ऑफर: इंसान नहीं, इस खास पार्टनर के साथ मनाएं वैलेंटाइन डे, सिंगल्स के लिए परफेक्ट
जल्द आएंगे सिरी के नए एआई फीचर्स
आईओएस 26 पर अपडेट कर चुके यूजर्स के लिए आने वाले महीनों में कुछ नए फीचर्स आने वाले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एपल आईओएस 26.4 अपडेट के साथ सिरी के नए एआई फीचर्स लॉन्च कर सकता है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट बताती है कि सिरी के नए एआई प्रोजेक्ट को टेस्टिंग में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इसलिए कुछ फीचर्स में देरी हो सकती है और वे आईओएस 26.5 या आईओएस 27 में आ सकते हैं।
आईपैडओएस 26 का एडॉप्शन भी बढ़ा
आईपैडओएस 26 का एडॉप्शन भी लगातार बढ़ रहा है। एपल के जरिए साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार साल में लॉन्च हुए आईपैड में से 66% अब आईपैडओएस 26 पर चल रहे हैं। जबकि सभी आईपैड को मिलाकर देखा जाए तो 57% डिवाइस इस नए वर्जन पर हैं। तुलना के लिए आईपैडओएस 18 का एडॉप्शन नए आईपैड में 63% था जबकि सभी आईपैड में यह आंकड़ा 53% दर्ज किया गया था।