Instagram: इंस्टाग्राम पर आया वैलेनटाइन डे स्पेशल अपडेट: नए फॉन्ट, स्टिकर और सिक्रेट डीएम फीचर्स शामिल

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Sat, 14 Feb 2026 10:21 AM IST
सार

Instagram Valentine’s Feature:

वैलेंटाइन डे के मौके पर इंस्टाग्राम ने अपने यूजर्स के लिए खास और लिमिटेड-एडिशन फीचर्स लॉन्च किए हैं, जिनसे स्टोरीज, रील्स, पोस्ट और DMs को रोमांटिक लुक दिया जा सकता है। इन नए अपडेट्स में लव-थीम स्टिकर, नए फॉन्ट, टेक्स्ट इफेक्ट्स, कस्टम मेंशन स्टिकर और वैलेनटाइन-थीम चैट डिजाइन शामिल हैं।

Instagram Rolls Out Limited-Edition Valentine’s Day Features with Love-Themed Stickers, Fonts and DM Effects
इंस्टाग्राम वैलेंटाइन फीचर (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : इंस्टाग्राम

    विस्तार

    वैलेंटाइन डे प्यार का एक ऐसा पर्व है जिसमें प्रेमी एक-दूसरे को शुभकामनाएं और उपहार देकर अपना स्नेह व्यक्त करते हैं। इसे सेंट वैलेंटाइन डे भी कहा जाता है। यह त्योहार अब रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच स्नेह व्यक्त करने के लिए भी मनाया जाता है। इस मौके पर सोशल मीडिया भी पीछे नहीं रहा और इंस्टाग्राम ने भी इसके लिए नए अपडेट जारी किए हैं। इंस्टाग्राम ने अपने यूजर्स के लिए कुछ खास और लिमिटेड-एडिशन फीचर्स पेश किए हैं। ये नए फीचर्स आपकी स्टोरीज, पोस्ट, रील्स और यहां तक कि DMs (डायरेक्ट मैसेजेस) को भी वैलेनटाइन थीम में बदल देंगे। इंस्टाग्राम और एडिट्स एप के जरिए कंपनी ने कई नए क्रिएटिव टूल्स जोड़े हैं जिनमें नए फॉन्ट, टेक्स्ट इफेक्ट्स, लव-थीम स्टिकर और कस्टम मेंशन स्टिकर शामिल हैं। हालांकि इंस्टाग्राम के ये वैलेनटाइन स्पेशल फीचर्स सीमित समय के लिए ही उपलब्ध हैं। ये 12 फरवरी से 16 फरवरी तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं जबकि एडिट्स एप के कुछ फीचर्स आगे भी उपलब्ध रहेंगे।

    क्यों मनाया जाता है वैलेनटाइन डे?

    माना जाता है कि सेंट वैलेंटाइन तीसरी सदी के एक रोमन पादरी थे जिन्होंने सम्राट क्लॉडियस द्वितीय के आदेश के खिलाफ जाकर गुप्त रूप से युवा जोड़ों की शादी करवाई थी। इस कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया और 14 फरवरी के दिन उन्हें मौत की सजा दी गई। समय के साथ इन परंपराओं का मेल हुआ और 14 फरवरी को प्यार और रोमांस के प्रतीक के रूप में मनाया जाने लगा।

    स्टोरीज और रील्स के लिए नए वैलेनटाइन-थीम फीचर्स

    इंस्टाग्राम ने स्टोरीज और रील्स के लिए खास वैलेनटाइन-थीम टेक्स्ट एलिमेंट्स और एनिमेशन जोड़े हैं। यूजर्स अब अपनी फोटो और वीडियो में नए रोमांटिक फॉन्ट और इफेक्ट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे उनका कंटेंट और ज्यादा आकर्षक दिखाई देगा। इसके अलावा यूजर्स अपनी सेल्फी को फ्रेम करके उसे स्टिकर में बदल सकते हैं और फिर उसे स्टोरीज में शेयर कर सकते हैं। इससे स्टोरीज को कस्टमाइज करना और भी आसान और मजेदार हो जाएगा।

    लव-थीम स्टिकर और कस्टम मेंशन स्टिकर

    इंस्टाग्राम ने वैलेनटाइन डे को ध्यान में रखते हुए कई नए लव-थीम स्टिकर भी जोड़े हैं। इन स्टिकर्स का इस्तेमाल करके आप अपनी भावनाओं को ज्यादा क्रिएटिव तरीके से व्यक्त कर सकते हैं। साथ ही कस्टम मेंशन स्टिकर की मदद से आप अपने दोस्तों या पार्टनर को खास अंदाज में टैग कर सकते हैं जिससे आपकी पोस्ट और स्टोरीज ज्यादा पर्सनल और खास लगेंगी।

    डीएम में भी मिलेगा वैलेनटाइन डे का खास अनुभव

    इंस्टाग्राम ने डायरेक्ट मैसेजेस (DMs) के लिए भी वैलेनटाइन-थीम चैट डिजाइन और सीक्रेट फ्रेजज फीचर जोड़ा है। इनकी मदद से आपकी चैट का लुक और फील पूरी तरह वैलेनटाइन डे के माहौल जैसा हो जाएगा। सीक्रेट फ्रेजेज का इस्तेमाल करने पर चैट में खास इफेक्ट्स दिखाई देंगे जिससे बातचीत और ज्यादा इंटरैक्टिव और मजेदार बन जाएगी।

    सीमित समय के लिए उपलब्ध हैं ये फीचर्स

    इंस्टाग्राम के ये वैलेनटाइन डे स्पेशल फीचर्स सिर्फ 12 फरवरी से 16 फरवरी तक ही उपलब्ध रहेंगे। ऐसे में अगर आप इन खास फीचर्स का अनुभव लेना चाहते हैं तो आपको जल्दी करना होगा। इन नए अपडेट्स के जरिए इंस्टाग्राम यूजर्स को अपनी भावनाएं व्यक्त करने और अपने कंटेंट को ज्यादा क्रिएटिव बनाने का मौका दे रहा है। वैलेनटाइन डे के इस मौके पर ये फीचर्स यूजर्स के सोशल मीडिया अनुभव को और ज्यादा खास बना देंगे।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें