IMC 2018 में बोले रविशंकर प्रसाद- डिजिटलीकरण के लिए भारत तैयार, डाटा सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत डाटा सुरक्षा कानून को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि देश डिजिटलीकरण के पक्ष में है लेकिन डाटा की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इंडिया मोबाइल कांग्रेस, 2018 के उद्घाटन सत्र में सूचना एवं प्रौद्योगिकी एवं कानून मंत्री प्रसाद ने देश में मोबाइल विनिर्माण में उल्लेखनीय वृद्धि का जिक्र किया। उन्होंने स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी एवं इंटरनेट के विस्तार का भी उल्लेख किया।
प्रसाद ने कहा, "भारत की मोबाइल की कहानी की गूंज दुनिया भर में फैल रही है। भारत फेसबुक, व्हाट्सऐप और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया कंपनियों के लिए बड़ा बाजार है। भारतीय स्थानीय भाषाओं में अधिक-से-अधिक सामग्री चाहते हैं और स्थानीय भाषाओं पर अधिक ध्यान दिये जाने की जरूरत है। भारत ऐसी प्रौद्योगिकी चाहता है जो ‘आम आदमी से जुड़ी हो।"
आईएमसी 2018 में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि साल 2020 तक भारत के कोने-कोने तक 4जी नेटवर्क की पहुंच होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है। भारत में शानदार भविष्य को गले लगाने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि भारत में होने वाला यह दूसरा इंडिया मोबाइल कांग्रेस है। पिछले साल भी नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आयोजन हुआ था। इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, क्लाउड कम्प्युटिंग और सॉफ्टवेयर से जुड़ी कई तकनीक देखने को मिलेंगी। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2018 का थीम न्यू डिजिटल होराइजंस: क्नेक्ट, क्रिएट और इनोवेट है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2018 का आयोजन डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिकेशन (DoT) और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) के द्वारा किया जा रहा है।