एपल पर पेटेंट चोरी का आरोप: भारतीय स्टार्टअप कंपनी ने ठोका 1,500 करोड़ का मुकदमा, आईफोन के किस फीचर पर विवाद?
- टेक दिग्गज एपल (Apple) भारत में एक बड़े पेटेंट विवाद में फंस गई है।
- आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र की कंपनी ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एपल के खिलाफ 1,500 करोड़ रुपये के हर्जाने का मुकदमा दायर किया है।
- स्टार्टअप का आरोप है कि आईफोन का 'नेमड्रॉप' फीचर उसके पेटेंट की नकल है।

विस्तार
दिग्गज टेक कंपनी एपल (Apple) भारत में एक बड़े पेटेंट विवाद में उलझ गई है। अमेरिका स्थित स्टार्टअप जीजी टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एपल के खिलाफ मुकदमा दायर करते हुए 1,500 करोड़ रुपये (करीब 161.86 मिलियन डॉलर) के हर्जाने की मांग की है। इस स्टार्टअप की स्थापना IIT दिल्ली के पूर्व छात्र और गोल्डमैन सैक्स के पूर्व इन्वेस्टमेंट बैंकर गौरव गोयल ने की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉन्टैक्ट-शेयरिंग एप StayTouch बनाने वाली कंपनी जीजी टेक्नोलॉजीज का आरोप है कि आईफोन का पॉपुलर नेमड्रॉप (NameDrop) फीचर उसकी पेटेंट की गई तकनीक का उल्लंघन करता है। बता दें कि नेमड्रॉप फीचर के जरिए दो आईफोन या एपल वॉच को पास लाकर आसानी से कॉन्टैक्ट डिटेल्स शेयर किए जा सकते हैं।
याचिका में क्या की गई है मांग?
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, जीजी टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे हाई कोर्ट में 781 पन्नों की याचिका दाखिल की है। इसमें दावा किया गया है कि नेमड्रॉप उसके उस भारतीय पेटेंट का उल्लंघन करता है, जो बिना मैनुअल पेयरिंग के पास मौजूद डिवाइसेज के बीच कॉन्टैक्ट जानकारी साझा करने की तकनीक से जुड़ा है।
स्टार्टअप ने कोर्ट से मांग की है कि भारत में ऐसे iPhone और Apple Watch के आयात और बिक्री पर रोक लगाई जाए, जिनमें NameDrop फीचर प्री-इंस्टॉल आता है। कंपनी का कहना है कि वह iOS में इन-बिल्ट इस फीचर के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कराना चाहती है। फिलहाल यह मामला सुनवाई के लिए सूचीबद्ध होना बाकी है, वहीं एपल ने इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कैसे शुरू हुआ यह विवाद?
सांता मोनिका स्थित इस स्टार्टअप ने अक्टूबर में यह मुकदमा दायर किया, क्योंकि अप्रैल में शुरू हुई मध्यस्थता की प्रक्रिया सितंबर में विफल हो गई थी। भारत में किसी भी कमर्शियल मुकदमे से पहले ऐसी मध्यस्थता जरूरी होती है।
गौरव गोयल ने साल 2018 में जीजी टेक्नोलॉजीज की शुरुआत की थी और 2019 में डिजिटल बिजनेस कार्ड के विकल्प के तौर पर StayTouch एप लॉन्च किया। कंपनी ने 2019 में अमेरिकी पेटेंट और 2021 में भारतीय पेटेंट के लिए आवेदन किया था, जिसे जुलाई 2024 में मंजूरी मिली। वहीं, एप्पल ने जून 2023 में iOS 17 के साथ नेमड्रॉप की घोषणा की थी और अक्टूबर 2023 में इसे watchOS 10.1 के जरिए Apple Watch पर भी जारी किया था।
अमेरिका में भी चल रही है कानूनी लड़ाई
भारत के अलावा जीजी टेक्नोलॉजीज ने अप्रैल में अमेरिका में भी एपल के खिलाफ इसी तरह के दावों को लेकर केस दर्ज कराया था। इस शिकायत के बाद अगस्त में अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग (USITC) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहां भी स्टार्टअप ऐसे आदेश की मांग कर रहा है, जिससे पेटेंट उल्लंघन करने वाले एपल डिवाइसेज के आयात और बिक्री को रोका जा सके।
एपल के लिए क्यों अहम है भारत?
यह कानूनी लड़ाई ऐसे समय में सामने आई है जब भारत एपल के लिए चीन के बाहर एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब और तेजी से बढ़ता कंज्यूमर मार्केट बनकर उभरा है। कंपनी देश में लगातार अपने नए रिटेल स्टोर्स खोल रही है, जहां कुल स्मार्टफोन शिपमेंट में आईफोन की हिस्सेदारी अभी 10 प्रतिशत से कम है।
- हुवावे लॉन्च करेगी अल्ट्रा-स्लिम स्मार्टवॉच: सिर्फ 6.9mm होगी मोटाई, लीक हुईं तस्वीरें, क्या होंगे फीचर्स?
- मोटोरोला यूजर्स के लिए खुशखबरी: इन 29 स्मार्टफोन में आएगा एंड्रॉयड 17 अपडेट और नया ओएस, आपका फोन है एलिजिबल?
- मोबाइल खो गया तो न घबराएं: बिना नंबर बदले ऐसे पाएं डुप्लीकेट सिम कार्ड, बैंक और यूपीआई भी रहेंगे पूरी तरह सेफ