हुवावे लॉन्च करेगी अल्ट्रा-स्लिम स्मार्टवॉच: सिर्फ 6.9mm होगी मोटाई, लीक हुईं तस्वीरें, क्या होंगे फीचर्स?

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 22 Nov 2026 04:40 PM IST
सार
  • चीनी टेक दिग्गज हुवावे 24 नवंबर को होने वाले अपने बड़े लॉन्च इवेंट में अब तक की सबसे पतली स्मार्टवॉच Huawei Watch Air पेश करने जा रही है।
  • सिर्फ 6.9mm की मोटाई और 1.4mm के बेहद पतले बेजल के साथ यह वॉच कलाई पर बेहद हल्की और स्टाइलिश दिखेगी।
  • इसे छह कलर ऑप्शन में पेश किए जाने की उम्मीद है। हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स और कीमत से जुड़ी जानकारी अभी सामने आना बाकी है।
huawei watch air launch november 24 design features colours price
हुवावे वॉच एयर - फोटो : हुवावे

    चीन की टेक कंपनी हुवावे अपनी नई स्मार्टवॉच Watch Air को 24 नवंबर को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने लॉन्च से पहले इसका डिजाइन टीज किया है। इसकी मोटाई सिर्फ 6.9mm होगी, जो इसे हुवावे की अब तक की सबसे पतली स्मार्टवॉच बनाएगी। इसमें 1.4mm के पतले बेजल्स और रोटेटिंग क्राउन मिलेगा। वॉच छह कलर ऑप्शन में आ सकती है। हालांकि, इस स्मार्टवॉच की कीमत, बैटरी और हेल्थ फीचर्स से जुड़ी जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं।

    6.9mm की स्लिम बॉडी और पतले बेजल्स

    हुवावे Watch Air की सबसे बड़ी खासियत इसका स्लिम डिजाइन है। कंपनी के मुताबिक, इसकी बॉडी सिर्फ 6.9mm मोटी होगी। आमतौर पर बाजार में मिलने वाली स्मार्टवॉच की मोटाई करीब 10mm या इससे ज्यादा होती है। ऐसे में Watch Air का डिजाइन इसे दूसरी स्मार्टवॉच से अलग बना सकता है।

    कंपनी ने इसके फ्रंट और साइड प्रोफाइल की झलक भी दिखाई है। इसमें डिस्प्ले के चारों ओर 1.4mm के पतले बेजल्स मिलेंगे। वहीं, साइड में रोटेटिंग क्राउन दिया गया है, जिससे यूजर वॉच के मेन्यू और फीचर्स को नेविगेट कर सकेंगे। हुवावे ने इसके डिजाइन में तीन नए बदलावों का भी दावा किया है। हालांकि, इनकी पूरी जानकारी लॉन्च के समय सामने आएगी।

    Watch Air में कई दमदार फीचर्स मिलेंगे।
    Watch Air में कई दमदार फीचर्स मिलेंगे। - फोटो : हुआवे

    छह कलर ऑप्शन में आ सकती है Watch Air

    हुवावे इस स्मार्टवॉच को डिजाइन और स्टाइल के लिहाज से भी खास बनाने की तैयारी में है। कंपनी के टीजर में सिल्वर, रोज गोल्ड और ब्लैक कलर दिखाई दिए हैं। हालांकि, इसे कुल छह कलर ऑप्शन में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।

    इसके साथ अलग-अलग स्ट्रैप के विकल्प भी मिल सकते हैं। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी तीन तरह के स्ट्रैप पेश कर सकती है। इनके मटीरियल और डिजाइन की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

    पतली बॉडी में मिलेंगे दमदार फीचर्स?

    हुवावे का दावा है कि 6.9mm की पतली बॉडी के बावजूद Watch Air में कई दमदार फीचर्स मिलेंगे। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके प्रोसेसर, बैटरी क्षमता, हेल्थ ट्रैकिंग सेंसर और सॉफ्टवेयर से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।

    कंपनी आने वाले दिनों में कुछ और टीजर जारी कर सकती है। स्मार्टवॉच की पूरी स्पेसिफिकेशन 24 नवंबर के लॉन्च इवेंट में सामने आने की उम्मीद है।

    Watch Air के साथ ये डिवाइस भी होंगे लॉन्च

    Watch Air को हुवावे के बड़े लॉन्च इवेंट में पेश किया जाएगा। इस दौरान कंपनी एक नया फोल्डेबल डिवाइस, कॉम्पैक्ट फोल्डिंग पीसी, Mate 90 Air स्मार्टफोन और कई स्मार्ट होम डिवाइस भी पेश कर सकती है।

    Watch Air और Mate 90 Air दोनों कंपनी की 2026 की 'Air' प्रोडक्ट रणनीति का हिस्सा हैं। Mate 90 Air को भी स्लिम डिजाइन वाले स्मार्टफोन के तौर पर पेश किया जाएगा।

    कितनी होगी कीमत और कब शुरू होगी बिक्री?

    हुवावे ने Watch Air की कीमत, बिक्री की तारीख और अलग-अलग देशों में उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। कंपनी ने इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग भी शुरू नहीं की है।

    24 नवंबर को लॉन्च के दौरान स्मार्टवॉच की पूरी स्पेसिफिकेशन, कीमत और बिक्री से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है। भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर भी फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

    और पढ़ें...