जल्द ही वोडाफोन के नाम से पेश हो सकते हैं idea के सभी प्लांस, चुपके से चल रही है तैयारी

साल 2018 में वोडाफोन आइडिया के विलय को दूरसंचार विभाग ने मंजूरी दे दी थी और उसके बाद वोडाफोन आइडिया लिमिटेड का उदय हुआ, हालांकि उस दौरान इस विलय का असर दोनों कंपनियों के ग्राहकों पर नहीं पड़ा, लेकिन अब दो साल बाद ऐसा लग रहा है कि आइडिया के ग्राहकों पर इस वियल का असर होने वाला है।
विलय के बाद कुछ दिनों तक वोडाफोन और आइडिया के सभी प्लान अलग-अलग थे, फिर बाद में दोनों कंपनियों के प्लान एक जैसे किए गए, लेकिन पिछले कुछ दिनों से एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। पहले आइडिया की वेबसाइट पर जाकर प्लान चेक करने पर आइडिया की ही साइट खुलती थी लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है।
अब यदि आप आइडिया की वेबसाइट पर जाकर कोई पोस्टपेड प्लान चेक करते हैं तो साइट वोडाफोन की वेबसाइट पर रिडायरेक्ट हो रही है जिसका मतलब यह हो सकता है कि कंपनी आइडिया की वेबसाइट को बंद करने की प्लानिंग कर रही है।

कहीं-ना-कहीं कंपनी का यह फैसला सभी भी है, क्योंकि जब दोनों वेबसाइट पर एक ही प्लान हैं तो दो अलग-अलग वेबसाइट को मेंटेन करने का कोई वाजिब तर्क नहीं है, हालांकि यह बदलाव फिलहाल पोस्टपेड यानी आइडिया के निरवाना प्लान के साथ ही देखने को मिल रहा है।
यदि आप कोई प्री-पेड रिचार्ज कराते हैं तो आपके रिचार्ज की प्रक्रिया वोडाफोन की वेबसाइट पर रिडायरेक्ट नहीं होगी, लेकिन यह संभव है कि आने वाले समय में प्री-पेड प्लान के साथ भी ऐसा ही हो। कई सर्किल के लिए तो कंपनी ने आइडिया के प्लान को वोडाफोन के प्लान का नाम दे दिया है, जबकि कई सर्किल के लिए नाम का एलान जल्द ही होने वाला है।
उदाहरण के तौर पर आइडिया की वेबसाइट पर बिहार सर्किल के लिए सीधे तौर पर लिख दिया गया है कि आइडिया निरवाना पोस्टेपेड प्लान अब वोडाफोन रेड प्लान हो गया है, वहीं मध्य प्रदेश सर्किल के लिए इस बदलाव का नोटिफिकेशन कमिंग सून के नाम से आ रहा है।